भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है। देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में अचानक गिरावट आई है।
मौसम ने अचानक से करवट ली और कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो गई। दिल्ली में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण ठंड में बढ़ोतरी देखी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में अगले एक-दो दिन बारिश जारी रह सकती है।
उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश के बाद पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में दिन के तापमान में तेज गिरावट आई। वहीं, कश्मीर में भीषण शीतलहर जारी रही और तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया।
हिमाचल में 12 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
हिमाचल प्रदेश के शिमला और आसपास के इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई, जिसके कारण राज्य में 30 सड़कों को बंद करना पड़ा। हिमाचल प्रदेश में करीब 12 साल बाद दिसंबर में बर्फबारी देखने को मिली है। यह सर्दी की पहली बर्फबारी थी, जो हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और अन्य पहाड़ी इलाकों में आई। शिमला, मनाली, कुफरी, नारकंडा और सिस्सु जैसे क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। ऐसे में बर्फबारी का आनंद लेने के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए यह खुशखबरी है।
बारिश के बाद दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तापमान में गिरावट आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई और कोहरा छाया रहा, जिससे न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है। वहीं, हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में बारिश होने के कारण अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में दिनभर हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम है। हरियाणा के अंबाला में भी अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हिसार में यह तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा। करनाल में भी ठंड का असर देखा गया, जहां अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री था, वहीं सिरसा में यह 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मनाली में भारी बर्फबारी के कारण सोलंग नाला से लेकर अटल टनल तक 1000 से ज्यादा वाहन फंस गए हैं। डीएसपी, एसडीएम और एसएचओ मनाली पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान जारी है। अब तक 700 वाहनों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।