रणजी ट्रॉफी में टीम इंडिया के प्रमुख सितारे बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं। रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत अपने-अपने मैचों में पूरी तरह से असफल रहे। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 19 गेंदों पर केवल 3 रन बनाकर आउट हो गए। यशस्वी जायसवाल भी 8 गेंदों पर सिर्फ 4 रन बना सके, जबकि शुभमन गिल भी 8 गेंदों पर 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ऋषभ पंत ने भी अपनी भूमिका में कोई कमी नहीं छोड़ी और 10 गेंदों पर सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इन सभी धुरंधर बल्लेबाजों के लिए दहाई के आंकड़े तक पहुंचना भी मुश्किल साबित हुआ। किसी ने नहीं सोचा था कि एक ही दिन में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत इस तरह का प्रदर्शन करेंगे।
करीब एक दशक बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी कर रहे रोहित शर्मा मुंबई के बीकेसी मैदान पर मुंबई और जम्मू कश्मीर के बीच हुए एलीट ग्रुप ए मैच में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। जिन गेंदबाजों से दुनिया भर के क्रिकेटर डरते हैं, वही रोहित शर्मा घरेलू स्तर पर कम अनुभवी जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज उमर नजीर के सामने टिक नहीं पाए। उमर नजीर की एक बेहतरीन गेंद ने रोहित शर्मा को धोखा दे दिया। मुंबई की पारी के छठे ओवर की अंतिम गेंद पर उमर ने एक शॉर्ट और वाइड गेंद डाली। रोहित शर्मा ने इसे पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद मिड-ऑफ की ओर उछल गई। इसके बाद जम्मू कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने हवा में उछलती गेंद को शानदार तरीके से कैच किया और रोहित को पवेलियन लौटने पर मजबूर कर दिया।
पंत और गिल भी रहे निराश
जम्मू कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल, जो डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई के लिए पारी की शुरुआत कर रहे थे, उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। रोहित सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि यशस्वी जायसवाल 4 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। यशस्वी को जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने LBW कर दिया। इसी बीच, बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में कर्नाटक और पंजाब के मैच में शुभमन गिल भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। लगभग ढाई साल बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी कर रहे शुभमन गिल महज 4 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने आखिरी बार जुलाई 2022 में पंजाब के लिए खेला था। वहीं, राजकोट में सौराष्ट्र और दिल्ली के बीच हुए मैच में ऋषभ पंत भी केवल 1 रन बनाकर 10 गेंदों में आउट हो गए।
रणजी में विराट कोहली का इंतजार
अब भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली की रणजी ट्रॉफी में वापसी का इंतजार है। वह दिल्ली के लिए रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-स्टेज के आखिरी मैच में खेलेंगे, जो नवंबर 2012 के बाद उनका पहला घरेलू क्रिकेट मैच होगा। विराट ने घरेलू क्रिकेट से ब्रेक लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित किया था। कोहली की वापसी दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष रोहन जेटली के साथ चर्चा के बाद तय हुई है। यह 36 वर्षीय खिलाड़ी अब 30 जनवरी को अरुण जेटली स्टेडियम में रेलवे के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में खेलेंगे।