टीम इंडिया के चैंपियन बनने के साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का दुबई में शानदार समापन हुआ। टूर्नामेंट के खत्म होते ही साल 2025 के लिए नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया गया। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 22 खिलाड़ियों की सूची जारी की है, जिन्हें 5 अलग-अलग ग्रेड में बांटा गया है। ग्रेड A+ में केवल 1 खिलाड़ी को जगह मिली है, जबकि ग्रेड A में 4 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
तस्कीन अहमद को मिला टॉप ग्रेड, कप्तान शांतो ग्रेड A में
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 2025 के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट जारी कर दिया है, जिसमें 22 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। टॉप ग्रेड A+ में केवल एक ही खिलाड़ी को जगह मिली है—तस्कीन अहमद। वहीं, ग्रेड A में नजमुल हुसैन शांतो, मेहदी हसन मिराज, लिटन दास और मुश्फिकुर रहीम को रखा गया है।
कप्तान टॉप ग्रेड में नहीं
बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ग्रेड A में शामिल हैं, जहां उनकी मासिक सैलरी लगभग 6,600 अमेरिकी डॉलर होगी। तेज गेंदबाज नाहिद राणा, अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ग्रेड B में पहुंच गए हैं। वह उन चार नए खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मिला है। अन्य तीन खिलाड़ी जैकर अली, तंजीद हसन और रिशाद हुसैन हैं, जिन्हें ग्रेड C में रखा गया है और इनकी सैलरी लगभग 3,300 अमेरिकी डॉलर प्रति माह होगी।
सौम्या सरकार और शादमान इस्लाम की वापसी
सौम्या सरकार और शादमान इस्लाम की 2021 और 2022 के बाद पहली बार BCB सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में वापसी हुई है।
5 खिलाड़ी बाहर
इस बार 5 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया है। इसमें शाकिब अल हसन, जाकिर हसन, महमुदुल हसन जॉय, नईम हसन और नुरुल हसन शामिल हैं। ये सभी 2024 की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में थे, लेकिन इस बार उन्हें जगह नहीं मिली।
बांग्लादेश सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2025
🔹 ग्रेड A+: तस्कीन अहमद
🔹 ग्रेड A: नजमुल हुसैन शांतो, मेहदी हसन मिराज, लिटन दास, मुश्फिकुर रहीम
🔹 ग्रेड B: मोमिनुल हक, तैजुल इस्लाम, महमुदुल्लाह, मुस्तफिजुर रहमान, तौहीद हृदोय, हसन महमूद, नाहिद राणा
🔹 ग्रेड C: शादमान इस्लाम, सौम्या सरकार, जैकर अली, तंजीद हसन, शोरफुल इस्लाम, रिशद हुसैन, तंजीम हसन, महेदी हसन
🔹 ग्रेड D: नसुम अहमद, खालिद अहमद
गौरतलब है कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बांग्लादेश का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम को भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।