जोधपुर: लंदन जाने निकली थी खुशबू, अहमदाबाद प्लेन हादसे में बुझ गया एक सपना
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वाली नवविवाहिता खुशबू राजपुरोहित की भी दर्दनाक मौत हो गई। चार महीने पहले ही जोधपुर के खरबेरा गांव निवासी विपुल राजपुरोहित से उसका विवाह हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही विपुल लंदन लौट गए थे, जहां वे एक सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के तौर पर कार्यरत हैं। पहली बार विदेश जा रही खुशबू अपने पति से मिलने के लिए उत्साहित थी, लेकिन यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
चार महीने पहले सजी थीं खुशबू की शादी की महफिल
अरबा गांव में पली-बढ़ी खुशबू की शादी बड़ी धूमधाम से हुई थी। परिवार और गांव वाले अब भी उस खुशी को याद कर रहे हैं, लेकिन अब वही घर मातम में डूब गया है। किसी को भी यह अंदाजा नहीं था कि खुशबू की पहली विदेश यात्रा उसकी अंतिम यात्रा बन जाएगी।
एयरपोर्ट का वीडियो देख रो पड़ा पूरा गांव
खुशबू के अहमदाबाद एयरपोर्ट में प्रवेश करते हुए का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह मुस्कुराते हुए अंदर जाती नजर आ रही है। इसके साथ ही उसकी शादी के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इन भावुक कर देने वाले वीडियो को देखकर परिजनों का दुख और बढ़ गया है। पूरे गांव में शोक का माहौल है, और हर आंख नम है।
गांव में पसरा सन्नाटा, परिजनों का बुरा हाल
खुशबू की मौत की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। परिवार, रिश्तेदार और आसपास के लोग गहरे सदमे में हैं। हर किसी की जुबां पर बस एक ही सवाल है—इतनी जल्दी क्यों चली गई खुशबू?
परिवार को अब भी है भरोसा: बोले—”हमारी बेटी जरूर लौटेगी घर”
अरबा गांव से लेकर खरबेरा तक गम का माहौल है। हर कोई खुशबू को श्रद्धांजलि दे रहा है और उसकी सलामती की दुआएं मांग रहा है। इस बीच, सोशल मीडिया पर खुशबू की विदाई रस्म के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं।
हालांकि, खुशबू की मौत की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान हादसे में एक व्यक्ति को छोड़कर बाकी सभी की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद खुशबू के परिवार वाले अब भी उम्मीद नहीं छोड़े हैं। उनका कहना है, “हमारी बेटी जरूर लौटेगी, वो घर जरूर आएगी।”
विमान में सवार थे 242 लोग, 241 की मौत की पुष्टि
गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान AI-171 टेकऑफ के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है। विमान में 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य सवार थे।
एयर इंडिया का यह विमान बोइंग 787-8 ट्विन जेट मॉडल था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक मौजूद थे। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश यात्रियों को बचाया नहीं जा सका।