ग्रेटर नोएडा की 28 वर्षीय निक्की भाटी, जिसे कथित तौर पर दहेज के लिए जलाकर मार दिया गया, के मामले में नए पहलू सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, निक्की और उसके पति विपिन भाटी के बीच इंस्टाग्राम और पार्लर फिर से शुरू करने को लेकर भी विवाद होता रहा था।
विपिन भाटी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी सास दया भाटी और जेठ रोहित भाटी को भी हिरासत में ले लिया है। शनिवार को गिरफ्तार किए गए विपिन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। पूछताछ के दौरान कई नए तथ्य सामने आए। एक जांच अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि पत्नी को जलाने के बाद विपिन घर से भागकर एक रिश्तेदार के घर पहुंचा था। वहां उसने स्वीकार किया कि वह पार्लर कारोबार के खिलाफ था।
21 अगस्त को विवाद हुआ था
दहेज हत्याकांड की जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि विपिन नहीं चाहता था कि निक्की फिर से पार्लर शुरू करे या रील्स बनाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 21 अगस्त को इसी मुद्दे पर निक्की और विपिन के बीच तीखा विवाद हुआ था।
निक्की दोबारा पार्लर खोलना चाहती थी, लेकिन पति के इनकार पर विवाद हो गया।
करीब 3:30 बजे निक्की की हत्या कर दी गई थी। इससे पहले उसने विपिन को दोबारा पार्लर शुरू करने की अपनी योजना बताई थी। शाम करीब 5:30 बजे निक्की के परिवार को उसकी मौत की खबर दी गई। कासना थाने के एसएचओ धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया, “विपिन ने निक्की से कहा था कि उसके परिवार में रील्स बनाना और पार्लर चलाना मंजूर नहीं है। इसी बात पर विवाद बढ़ा और उसने निक्की को पीटना शुरू कर दिया।”
कंचन ने किया एसिड फेंकने का भी दावा
निक्की की बहन कंचन भी उसी परिवार की बहू है। निक्की ने पुलिस को बताया था कि ससुरालवालों ने कंचन के सिर पर चोट पहुंचाई थी और उस पर एसिड भी फेंका था। परिवार का आरोप है कि 35 लाख रुपये दहेज की मांग की गई थी। पुलिस के अनुसार, विपिन के भाई रोहित की पत्नी कंचन के साथ भी मारपीट होती थी, लेकिन घटना वाले दिन वह बीमार थी और आईवी ड्रिप लगी हुई थी।
दोनों बहनें इंस्टाग्राम पर सक्रिय थीं।
कंचन और निक्की इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर काफी सक्रिय थीं। वे मिलकर “मेकओवर बाय कंचन” नाम से पार्लर का चैनल चलाती थीं। इस इंस्टाग्राम अकाउंट पर 54 हजार फॉलोअर्स थे। दोनों के व्यक्तिगत अकाउंट भी थे—कंचन के 22 हजार फॉलोअर्स थे, जबकि निक्की का अकाउंट प्राइवेट था और उस पर 1,147 फॉलोअर्स थे। दोनों बहनों के साथ मिलकर बनाए गए कंटेंट को 2.9 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले थे।
निक्की के परिवार का दहेज वाला क्या आरोप
निक्की के भाई रोहित गुर्जर का आरोप है कि शादी के दो साल बाद ससुरालवालों ने दहेज, खासकर लग्जरी कारों की मांग करनी शुरू कर दी थी। उनका कहना है कि शादी को 9 साल हो चुके थे और इस दौरान दहेज को लेकर कई बार विवाद हुआ, जिसके बाद निक्की मायके भी लौटकर आई थी।