पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने निजी अस्पताल में कार्यरत दोनों डॉक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने निजी अस्पताल में काम करने वाले दोनों डॉक्टरों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सलूंबर जिले के एक निजी अस्पताल में काम करने वाली तलाकशुदा महिला ने आरोप लगाया है कि वहीं के दो डॉक्टरों ने उसके साथ रेप किया और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसके महाकाल टैटू का विरोध किया और उसके निजी फोटो-वीडियो का इस्तेमाल कर उसे डराया-धमकाया। इस मामले में पीड़िता ने दोनों डॉक्टरों के खिलाफ सलूंबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
ये भी पढ़ें… – फतहनगर में श्याम संकीर्तन महोत्सव अब 6 नवंबर को
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि डॉक्टर आमिर मेटिन ने उसके शरीर पर बने महाकाल के टैटू का विरोध किया और उसे बुर्का पहनने तथा इस्लाम धर्म अपनाने के लिए दबाव डाला। जांच अधिकारी डीएसपी हेरंब जोशी के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर 29 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया है।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने यह बात अस्पताल के डॉक्टर नितिन शाह को बताई, तो उन्होंने भी उसे धर्म परिवर्तन कर मुख्य आरोपी डॉक्टर आमिर से निकाह करने की सलाह दी। महिला के विरोध करने पर दोनों डॉक्टरों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। अस्पताल प्रबंधन से मदद न मिलने पर उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। अब, मामला दर्ज होने के बाद भी उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन से संरक्षण की मांग की है।
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह नवंबर 2024 से एक निजी अस्पताल में खाना बनाने का काम कर रही थी। करीब एक महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी, लेकिन डॉक्टर आमिर मेटिन उसे लगातार परेशान कर रहा था।
महिला के अनुसार, डॉक्टर मेटिन के पास उसके कुछ निजी फोटो और वीडियो थे, जिन्हें दिखाकर वह उसे डराता और धमकाता था। उसने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके डर से वह लंबे समय तक चुप रही।
महिला ने बताया कि मुख्य आरोपी डॉक्टर मेटिन बिहार का रहने वाला है और अस्पताल की तीसरी मंजिल पर रहता है। वह और डॉक्टर नितिन दोनों हड्डी रोग विशेषज्ञ हैं। महिला अस्पताल में उसके लिए खाना बनाती थी। उसने मई 2024 में अपने पति से तलाक लिया था। उसके दो बच्चे हैं — आठ साल की बेटी और पांच साल का बेटा। महिला मूल रूप से सलूंबर की रहने वाली है।
