भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका को हराकर महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में शानदार जीत हासिल की। इस ऐतिहासिक जीत के बाद कई दिग्गज खिलाड़ियों ने टीम इंडिया को दिल से बधाई दी।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इस यादगार जीत के बाद विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ समेत कई भारतीय क्रिकेट दिग्गजों ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया को बधाई दी।
विराट कोहली ने टीम को जीत की बधाई दी
विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “इन लड़कियों ने इतिहास रच दिया है। एक भारतीय होने के नाते मुझे बेहद गर्व है कि वर्षों की मेहनत आज रंग लाई। वे सभी तालियों की हकदार हैं। हरमनप्रीत और पूरी टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ढेरों बधाइयाँ। पर्दे के पीछे मेहनत करने वाले पूरे स्क्वाड और मैनेजमेंट को भी सलाम। शाबाश इंडिया! इस पल का भरपूर आनंद लें — यह जीत देश की अनगिनत बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। जय हिंद!”
सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर ट्वीट कर टीम इंडिया को बधाई दी।
सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, “1983 की जीत ने एक पूरी पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी थी। आज हमारी महिला क्रिकेट टीम ने कुछ वाकई खास कर दिखाया है। उन्होंने देशभर की अनगिनत युवा लड़कियों को बल्ला और गेंद उठाने, मैदान पर उतरने और यह विश्वास करने के लिए प्रेरित किया है कि वे भी एक दिन यह ट्रॉफी जीत सकती हैं। यह भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास का एक निर्णायक पल है। शाबाश टीम इंडिया, आपने पूरे देश को गर्व से भर दिया है।”
अन्य दिग्गज खिलाड़ियों ने भी टीम को बधाई दी
युवराज सिंह ने भारतीय महिला टीम के अटूट जज़्बे की तारीफ की और कहा कि टीम ने पूरे वर्ल्ड कप में पूरी मेहनत और लगन दिखाई, हर उतार-चढ़ाव में एकजुट रही। वहीं, मोहम्मद कैफ ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “यह वह सपनों जैसी रात है जब हरमनप्रीत की कप्तानी में टीम ने अपनी पहचान बनाई और अरबों प्रशंसकों को खुशी दी। यह वर्ल्ड कप जीत देश की बेटियों को लाखों बार प्रेरित करेगी। सलाम इस देश की बेटियों को।”
विश्व विजेता बनी भारतीय महिला टीम को पुरुष टीम से ज्यादा इनाम मिला
पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने भारत की पहली महिला वर्ल्ड कप जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भारतीय महिला क्रिकेट के लिए यह एक अद्भुत पल है! और केक पर चेरी यह रही कि रास्ते में एक मजबूत ऑस्ट्रेलिया को हराया गया, जिससे यह जीत और भी खास बन गई।”
