शिक्षण संस्थाओं के पंजीकरण, नवीनीकरण और फीस स्ट्रक्चर अपडेट के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया
उदयपुर, 6 नवम्बर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यह योजना राजस्थान राज्य के मूल निवासियों के लिए लागू होगी, जिसमें अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अति पिछड़ा वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग, विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदाय, मिरासी तथा भिश्ती समुदाय के विद्यार्थी शामिल हैं।
संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि विभागीय पोर्टल पर राजकीय एवं निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के लिए पंजीकरण, नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग, मान्यता तथा पाठ्यक्रमवार फीस स्ट्रक्चर के अद्यतन की सुविधा 10 नवम्बर से उपलब्ध होगी।
उदयपुर में 60 किमी/घं से तेज गाड़ी चलाने पर चालान कटेगा।
विभागीय पोर्टल पर 31 दिसम्बर तक मिलेगा अवसर
विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सभी शिक्षण संस्थान 10 नवम्बर से 31 दिसम्बर तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवश्यक विवरण दर्ज कर सकेंगे। इन विवरणों में संस्थान की मान्यता, पाठ्यक्रम संरचना और फीस स्ट्रक्चर का अद्यतन प्रमुख रूप से सम्मिलित होगा।
भटनागर ने कहा कि समय पर डेटा अद्यतन होने से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ शीघ्र मिल सकेगा। उन्होंने सभी संस्थानों से आग्रह किया कि वे विभागीय निर्देशों के अनुसार निर्धारित समयावधि में पूरी प्रक्रिया पूरी करे l
