प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त किसानों को हस्तांतरित
उदयपुर, 19 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कोयम्बटूर, तमिलनाडु से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किश्त के 18 हजार करोड़ रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए। इसका सीधा प्रसारण विद्या भवन कृषि विज्ञान केंद्र, बड़गांव तथा कृषि विभाग उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में बड़गांव केंद्र पर किया गया।
इस अवसर पर उदयपुर के लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से हैं और “किसान छोटी राहत से भी बड़ा करिश्मा कर सकता है।” उन्होंने बताया कि यदि किसी किसान को अब तक सभी किस्तें मिली हैं तो कुल ₹42,000 प्राप्त हुए होंगे, जो बीज, खाद या अन्य कृषि कार्यों में सहायक रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटिया बीज एवं घटिया खाद को रोकने हेतु कड़ा कानून आने वाला है और साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
किसानों का स्वागत वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं संस्था प्रमुख डॉ. प्रफुल भटनागर ने किया, जबकि संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार सुधीर वर्मा ने जहरमुक्त खेती अपनाने की बात कही।
ये भी पढ़ें….एमबी हॉस्पीटल में शुरू हुआ जन औषधी केंद्र

200 से अधिक किसान हुए सहभागी
इस दौरान उपखंड अधिकारी सांई कृष्णा, परियोजना निदेशक आत्मा राजेश्वरी शेखावत, उपनिदेशक कृषि विस्तार श्याम साल्वी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित 200 से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती, कृषि संबंधित योजनाओं और तकनीकों की जानकारी भी प्रदान की गई।
