मावली ,16 दिसम्बर ।मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की अंतर्महाविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन वाणिज्य महाविद्यालय, उदयपुर की मेजबानी में किया गया। प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय, मावली की महिला क्रिकेट टीम ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
खेल अधिकारी डॉ. नगेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि छात्रा सुश्री चंदा जाट की कप्तानी में मावली महाविद्यालय की टीम ने राजकीय महाविद्यालय चित्तौड़गढ़ एवं राजकीय महाविद्यालय भीम की टीमों को पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान टीम की खिलाड़ी चंदा जाट, अर्पिता राव, प्रीति राव एवं कोमल जाट ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
पदक जीतकर महाविद्यालय पहुंचने पर विजेता टीम का महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. महेश चन्द्र तिवारी द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। महिला क्रिकेट टीम की यह उपलब्धि निश्चित रूप से अन्य छात्राओं एवं खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार द्वारा सभी खिलाड़ियों का बहुमान कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डॉ. पिनल जैन, नीलम चौधरी, नवीन कुमार, मयंक मिश्रा, नरपत राम परमार, जगदीश चन्द्र पुरोहित, वीरेंद्र सिंह शक्तावत सहित महाविद्यालय के अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Also Read: चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर मनाई सरकार के 02 वर्ष पूर्ण होने की वर्षगांठ
