फतहनगर, 28 मार्च। सरकार की ओर से वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन फतहनगर नगर पालिका क्षेत्र में हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं। नगर पालिका क्षेत्र के विनायक नगर सहित कई वार्डों में स्ट्रीट लाइट बंद होने से पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रिपोर्टर भगवती जोशी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र की लगभग 40 हजार की आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर है। शाम होते ही सड़कों और गलियों में घना अंधेरा छा जाता है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में डर का सामना करना पड़ता है। कई बार जानकारी देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ और सुनने वाला कोई नहीं है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
“मैं किसी गांव में नहीं, बल्कि नगर पालिका क्षेत्र के विनायक नगर में खड़ी हूं, फिर भी अंधेरे में रहने को मजबूर हूं। आखिर हमारी बात सुनने वाला कौन है?”
अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने फतहनगर नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने और आमजन को राहत देने की मांग की है।
