- बंद पड़ी रोड लाइटें, गलियों में पसरा सन्नाटा, सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
फतहनगर, दिनांक 29 मार्चl फतहनगर–सनवाड़ पालिका क्षेत्र इन दिनों घोर अंधेरे की चपेट में है। पिछले दो दिनों से क्षेत्र की अधिकांश रोड लाइटें बंद पड़ी हुई हैं, जिससे रात होते ही गलियों और सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर अंदरूनी गलियों तक अंधेरा छाया हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अंधेरे के कारण सुरक्षा को लेकर भी नागरिकों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग ने पालिका पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बकाया बताया है।
लंबे समय से भुगतान नहीं होने के चलते विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए बिजली कनेक्शन को ही विच्छेद कर दिया, जिसका सीधा असर शहर की रोड लाइट व्यवस्था पर पड़ा है। बिजली कनेक्शन कटने के कारण नगर के अधिकांश क्षेत्रों में रात के समय घना अंधेरा छा जाता है।
रात के समय अंधेरा इतना गहरा हो जाता है कि राहगीरों को अपने मोबाइल फोन की टॉर्च का सहारा लेकर रास्ता तय करना पड़ रहा है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह स्थिति और अधिक चिंताजनक बन गई है। कई स्थानों पर चोरी-चकारी की आशंका भी बढ़ने लगी है, जिससे नागरिकों में भय का माहौल बन गया है।
स्थानीय नागरिकों में इस समस्या को लेकर भारी रोष व्याप्त है।
लोगों का कहना है कि पालिका और विद्युत विभाग के बीच लंबे समय से चल रहे भुगतान विवाद का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। नागरिकों का आरोप है कि पालिका प्रशासन की उदासीनता के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है और समय रहते भुगतान किया जाता तो शहर को इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।
नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द बकाया राशि का भुगतान कर विद्युत कनेक्शन पुनः शुरू कराया जाए, ताकि शहर फिर से रोशनी में लौट सके और आमजन को राहत मिल सके।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी मंडरा रहा खतरा
अंधेरे के कारण शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर भी खतरा मंडराने लगा है। कई स्थानों पर रात के समय संदिग्ध गतिविधियों की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़ी घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
जल्द समाधान की उठी मांग
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। लोगों का कहना है कि रोड लाइट व्यवस्था शहर की मूलभूत आवश्यकता है और इसमें लापरवाही किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
