फतेहनगर, 30 मार्च l नगर पालिका क्षेत्र में पिछले दो दिनों से सभी रोड लाइट बंद होने तथा आम जनता के छोटे-मोटे कार्य समय पर नहीं होने से नाराज़ कांग्रेस जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने आज नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
मंडल एवं नगर कांग्रेस कमेटी के ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र की अधिकांश रोड लाइट पिछले दो दिनों से बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी हुई है। साथ ही नगर पालिका में जनता के छोटे-मोटे कार्य समय पर नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है।

ज्ञापन देने के दौरान अधिकारियों से आग्रह किया गया कि रोड लाइट व्यवस्था को शीघ्र सुचारू किया जाए तथा आमजन के कार्यों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।
इस ज्ञापन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष धर्मेश चपलोत, नगर अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष गोकल भील, भगवत सिंह राठौड़, मंडल महामंत्री ओम प्रकाश बार-बर, निवृत्तमान पार्षद सुनील मुंदड़ा, देवीलाल तेली, बंशीलाल कुमावत, निर्मल पाराशर, प्रभु लाल धाभाई, वैभव मारोठिया, रतनलाल भील, महेंद्र भील, नितेश पहाड़िया सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
