Thursday, April 2, 2026
No menu items!
Homefatehnagarफतहनगर के वार्ड 6 के भी बुरे हाल, जनता परेशान, पार्षद ने...

फतहनगर के वार्ड 6 के भी बुरे हाल, जनता परेशान, पार्षद ने हाथ खड़े किये

सीनियर रिपोर्टर-श्रीमती भगवती जोशी

फतहनगर l “नेताजी की रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से एक प्रयास किया जा रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधियों द्वारा पिछले 5 वर्षों में किए गए कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा जा सके।
इसी क्रम में आज मैं पहुंची हूं फतेहनगर–सनवाड़ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 6, सनवाड़ में, जहां स्थानीय जनता से बातचीत कर यहां हुए विकास कार्यों और अभी भी शेष समस्याओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
ताकि जनता के सामने जनप्रतिनिधियों के कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

वार्ड में विकास को लेकर बंटी राय, जनता ने लगाए अनदेखी के आरोप

वार्ड में जनता से संपर्क के दौरान स्थानीय निवासी भेरूलाल बुनकर से बातचीत में सामने आया कि पिछले 5 वर्षों में वार्ड में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए हैं। उनका कहना है कि उनके वार्ड के पार्षद कांग्रेस से हैं, जबकि नगर पालिका में बोर्ड बीजेपी का है। ऐसे में उनका आरोप है कि जब बोर्ड में भाजपा से जुड़े लोगों की ही सुनवाई नहीं होती, तो उनकी समस्याओं पर ध्यान दिए जाने की उम्मीद कम ही रहती है।

उन्होंने बताया कि वार्ड में आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है, जिससे उनके पशुओं को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं होने और लोगों को पट्टे नहीं मिलने जैसी समस्याएं भी बनी हुई हैं।

5 वर्षों में कोई बड़ा विकास कार्य नजर नहीं आया

भेरूलाल बुनकर का कहना है कि पिछले 5 वर्षों में कोई बड़ा विकास कार्य नजर नहीं आया। वार्ड में एक सड़क का निर्माण हाल ही में करीब एक महीने पहले किया गया है, जिस पर उनका कहना है कि चुनाव नजदीक आने के कारण ही यह कार्य कराया गया है।

वहीं दूसरी ओर, कुछ पार्टी सदस्यों का कहना है कि वार्ड में विकास कार्य हुए हैं, जबकि आम जनता का एक वर्ग अब भी मानता है कि वार्ड में अपेक्षित विकास नहीं हुआ है।

नगर पालिका का कार्य जनता कर रही स्वयं के खर्च पर, नालियां तक बनवाने को मजबूर वार्डवासी

वार्ड में जनता से बातचीत के दौरान सामने आया कि नगर पालिका द्वारा कराए जाने वाले कार्य भी लोगों को स्वयं के खर्च पर करवाने पड़ रहे हैं। वार्डवासियों का कहना है कि कई बार नगर पालिका में शिकायत करने के बावजूद नालियों का निर्माण नहीं कराया गया, जिसके चलते लोगों ने मजबूरी में अपने पैसे लगाकर नालियां बनवाईं। विशेष रूप से बुनकर मोहल्ले में नालियों की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है और पूरे वार्ड में सीवरेज लाइन की सुविधा नहीं है।

इसके अलावा सामुदायिक भवन जर्जर हालत में है, जिसकी मरम्मत लंबे समय से नहीं हुई है और दीवारों में सीलन आने से हादसे का खतरा बना हुआ है। वार्ड में बच्चों के खेलने के लिए कोई पार्क नहीं है, वहीं पीने का पानी चार दिन में आता है और पर्याप्त प्रेशर से नहीं आता, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जनता का कहना है कि वार्ड में कोई भी छोटा-बड़ा काम करवाने के लिए खुद ही पैसे खर्च करने पड़ते हैं, जबकि नगर पालिका की ओर से अपेक्षित कार्य नहीं हो रहे हैं। हाल ही में बुनकर मोहल्ले में एक सड़क का निर्माण करीब एक महीने पहले किया गया, लेकिन अन्य क्षेत्रों में अब भी मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है। साथ ही नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और कचरा जमा रहता है, जिससे लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

वार्ड 6 में समस्याओं का अंबार, पार्षद ने बात करने से किया इनकार

नेताजी की रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से नगर पालिका फतहनगर सनवाड क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 का सर्वे किया गया। इस दौरान वार्ड के लोगों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया गया कि उनके क्षेत्र में क्या-क्या समस्याएं हैं।

लोगों से बातचीत में सामने आया कि वार्ड में नालियों, रोड लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की कई समस्याएं बनी हुई हैं। कई स्थानों पर पट्टों से जुड़ी समस्याएं भी लोगों ने बताईं। वार्डवासियों का कहना है कि लंबे समय से इन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।

इसी संबंध में वार्ड के कांग्रेस पार्षद रतनलाल खटीक से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने अलग-अलग कारण बताते हुए बातचीत से इनकार कर दिया और माइक पर आने से भी मना कर दिया।
अब इस वार्ड में पिछले पांच वर्षों में क्या-क्या कार्य हुए हैं, इसका जवाब और फैसला जनता ही बताएगी

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular