Friday, April 3, 2026
No menu items!
HomeHindi newsपर्यटन विकास व योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना प्राथमिकता —...

पर्यटन विकास व योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना प्राथमिकता — जिला कलक्टर

नवनियुक्त जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने संभाला पदभार, अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया स्वागत

उदयपुर, 3 अप्रैल।
गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को उदयपुर जिले के नवनियुक्त जिला कलक्टर के रूप में कार्यभार संभाल लिया। वे शुक्रवार दोपहर उदयपुर पहुंचे और दोपहर बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया।

मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना, विकास कार्यों को गति देना तथा पर्यटन विकास को बढ़ावा देना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

श्री अग्रवाल शुक्रवार दोपहर सर्किट हाउस पहुंचे, जहां एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा तथा गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण सहित अन्य अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। इसके पश्चात वे करीब दोपहर 3:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे और विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया।

इस अवसर पर दोनों एडीएम, गिर्वा एसडीएम श्री सांईकृष्ण, प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास, यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट स्टाफ ने उनका स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद जिला कलक्टर ने अधिकारियों के साथ संक्षिप्त परिचय बैठक भी ली और जिले की वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्थाओं, प्रमुख योजनाओं तथा विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि पात्र व्यक्तियों तक समय पर लाभ पहुंच सके।
पर्यटन की दृष्टि से उदयपुर राजस्थान का चेहरा — अग्रवाल
मीडिया से बातचीत में जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि उदयपुर पर्यटन की दृष्टि से पूरे राजस्थान का चेहरा है। राजस्थान की आतिथ्य परंपरा उदयपुर के नाम से ही जानी जाती है और यहां का गौरवशाली इतिहास तथा प्राकृतिक सौंदर्य विश्वभर के पर्यटकों को आकर्षित करता है।
उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली पहचान को बनाए रखने के साथ-साथ पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार तथा पर्यटकों के लिए बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना होगी। जनसुनवाई तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे लोगों की शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन टीम भावना और समर्पण के साथ कार्य करते हुए उदयपुर जिले को विकास के नए आयामों तक पहुंचाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular