Wednesday, April 8, 2026
No menu items!
HomeHindi newsउपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था को करें मजबूत-जिला कलक्टर

उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था को करें मजबूत-जिला कलक्टर

कलक्टर ने ली एसडीएम तहसीलदारों की बैठक

उदयपुर, 7 अप्रैल। जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों तथा नायब तहसीलदारों की बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

प्रारंभ में जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके-अपने क्षेत्रों की जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम से अपने क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों, प्रमुख बजट घोषणाओं की प्रगति तथा बड़े प्रगतिरत विकास कार्यों का फीडबैक प्राप्त किया।

जिला कलक्टर ने प्रति माह आयोजित होने वाली राजस्व अधिकारियों की बैठकों के लिए अपेक्षित सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपखण्ड अधिकारियों को प्रति माह के द्वितीय गुरुवार को होने वाली उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपखण्ड स्तर पर ही अधिकतम प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

कानून-व्यवस्था को लेकर जानकारी लेते हुए जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने तथा प्रत्येक स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक प्रमुख घटना की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के लिए भी पाबंद किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहर वार्ड अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए वार्ड सभाओं में योजनाओं का अनुमोदन कराकर उन्हें पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर मतदाता सूची प्रकाशन कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण, गोगुन्दा एसडीएम शुभम भैसारे, प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास सहित सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular