उदयपुर, 9 अप्रैल। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने महाराणा प्रताप खेल गांव में आयोजित लैक्रोज प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण कर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति उनके जुनून की सराहना की।
जिला कलक्टर ने कहा कि लैक्रोज जैसे उभरते हुए खेल में युवाओं की सक्रिय भागीदारी गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह खेल भविष्य में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखता है। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनके अनुभव, चुनौतियों और तैयारियों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें निरंतर अभ्यास और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कलक्टर ने विशेष रूप से उन खिलाड़ियों की प्रशंसा की, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए
विश्वास जताया कि वे अपने शानदार प्रदर्शन से उदयपुर और देश का नाम और अधिक ऊंचा करेंगे।
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
