नई दिल्ली: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जाएगी, जबकि पहाड़ी इलाकों में आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 8 से 11 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश का नया दौर शुरू होगा।
अरुणाचल और असम में बारिश की संभावना
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर असम में बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
8 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम
8 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पहाड़ी राज्यों में लगातार चार दिन (8-11 फरवरी) बारिश होने की संभावना है। तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले दो से तीन दिनों में तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है। वहीं, पूर्वी भारत में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ सकता है, जिसके बाद इसमें तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी। यानी उत्तर भारत में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी दस्तक देने वाली है।
उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार और दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। बीते 24 घंटों में सीकर में 3.5 डिग्री, अमृतसर में 5.1 डिग्री और हिसार में 6.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।