दिल्ली में नई सरकार के गठन की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बीजेपी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हाल ही में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हार का सामना करना पड़ा, जिससे आम आदमी पार्टी सत्ता से बाहर हो गई। अब सवाल उठता है कि बतौर पूर्व मुख्यमंत्री, अरविंद केजरीवाल को कितनी पेंशन मिलेगी और कौन-कौन सी सुविधाएं दी जाएंगी?
सीएम रहते केजरीवाल को कितना वेतन मिलता था?
मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए अरविंद केजरीवाल को 60,000 रुपये मासिक वेतन मिलता था। अन्य भत्तों को मिलाकर यह कुल 1.25 लाख रुपये तक पहुंचता था। हालांकि, अब वे पूर्व मुख्यमंत्री हैं, इसलिए उन्हें वेतन नहीं मिलेगा, लेकिन कुछ सरकारी सुविधाएं जरूर दी जाएंगी।
पूर्व विधायकों को कितनी पेंशन मिलती है?
दिल्ली में पूर्व विधायकों की पेंशन को लेकर 14 फरवरी 2023 से नए नियम लागू हैं। दिल्ली विधानसभा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार,
- पूर्व विधायकों को हर महीने 15,000 रुपये पेंशन मिलती है।
- यदि कोई विधायक एक से अधिक बार चुना गया हो, तो उसकी पेंशन में हर कार्यकाल के लिए 1,000 रुपये प्रति माह की वृद्धि होती है।