झारखंड के जमशेदपुर में करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव एनएच-33 स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मोड़ से लगभग 500 मीटर अंदर एक खेत में बरामद हुआ।
जमशेदपुर में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की गोली मारकर हत्या, बवाल के बाद एनएच-33 तीन घंटे तक जाम
झारखंड के जमशेदपुर के बालीगुमा इलाके में करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव एनएच-33 स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मोड़ से करीब 500 मीटर अंदर एक खेत में बरामद हुआ। उनके सिर में गोली मारी गई थी। घटनास्थल से उनकी स्कूटी और पिस्तौल भी बरामद की गई है। शरीर पर हाथ और पैर में कई चोटों के निशान मिले हैं।
हत्या की सूचना मिलते ही करणी सेना के बड़ी संख्या में समर्थक घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बहस की और धक्का देकर उन्हें वहां से हटा दिया। इसके बाद जमकर बवाल हुआ और प्रदर्शनकारियों ने एनएच-33 को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा और लोग पुलिस को शव उठाने नहीं दे रहे थे। हालात को काबू में करने के लिए पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर, उलीडीह थाना प्रभारी कुमार अभिषेक, मानगो थाना प्रभारी निरंजन कुमार और सिदगोड़ा थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया। बाद में पुलिस ने शव को एमजीएम अस्पताल भिजवाया।
विनय सिंह की हत्या से आक्रोश, पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम
विनय सिंह की हत्या के विरोध में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने डिमना चौक से लेकर एनएच-33 तक देर रात तक प्रदर्शन किया। रात 10 बजे से 1 बजे तक राजमार्ग पूरी तरह से जाम रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को 48 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया। भाजपा और आजसू पार्टी के कई नेता भी मौके पर पहुंचे और हत्या की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
सुबह निकले थे घर से, दोपहर में हत्या की आशंका
विनय सिंह उलीडीह थाना क्षेत्र के आस्था स्पेस टाउन में रहते थे और डिमना चौक पर उनकी टाइल्स की दुकानें हैं। परिजनों के मुताबिक वे रविवार सुबह 11 बजे घर से निकले थे और आमतौर पर दोपहर 4 बजे तक लौट आते थे। लेकिन उस दिन न तो दुकान पहुंचे और न ही घर वापस आए। जब काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चला और फोन भी बंद आया, तो परिजन रात 8 बजे उलीडीह थाना पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर पुलिस ने शव को खेत से बरामद किया।
पुलिस का कहना है कि शव पर चीटियां लग चुकी थीं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या दोपहर 12 बजे के आसपास की गई होगी। घटनास्थल से विनय के पास से एक पिस्तौल भी मिली है, जिससे यह शक गहराया है कि या तो आत्महत्या का रूप देने की कोशिश हुई है या फिर यह सुनियोजित हत्या है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।