ब्रिटेन में भारत और पाकिस्तान के लोगों की अच्छी-खासी आबादी है। खासकर लंदन में दोनों समुदाय बड़ी संख्या में रहते हैं, जिस वजह से कई बार उनके बीच टकराव देखने को मिलता है।
लंदन: ब्रिटेन में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के लोगों के बीच टकराव देखने को मिला। मामला तब का है जब दोनों समुदाय अपने स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने लंदन की सड़कों पर निकले थे। इस दौरान पाकिस्तानी युवकों ने भारतीय लड़की और उसके दोस्तों को परेशान किया और तिरंगा छीनने की कोशिश की। लेकिन भारतीय मुस्लिम लड़कियों ने डटकर जवाब दिया और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
लंदन की सड़कों से एक वीडियो सामने आया है जिसमें पाकिस्तानियों द्वारा भारतीय लड़की को परेशान करते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो में मुस्लिम लड़की अपने दोस्तों के साथ तिरंगा थामे आजादी का जश्न मना रही है। तभी कुछ पाकिस्तानी युवक आकर उससे बदसलूकी करने लगते हैं। लेकिन लड़की डरे बिना ऐसा सख्त जवाब देती है कि उन्हें वहां से चुपचाप हटना पड़ता है। सोशल मीडिया पर लोग उसकी बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे हैं।
लंदन में अक्सर टकराते रहे हैं भारत और पाकिस्तान के लोग
लंदन में भारत और पाकिस्तान के लोगों के बीच झड़प कोई नई बात नहीं है। पहले भी पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दोनों देशों के नागरिक आमने-सामने आ चुके हैं। उस समय भी लंदन की सड़कों पर दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी सरकारों के समर्थन में प्रदर्शन किए थे, जिसके चलते टकराव की स्थिति बनी और पुलिस को दखल देना पड़ा था।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक बार फिर लंदन में भारत और पाकिस्तान के लोगों के बीच टकराव का वीडियो सामने आया है। पाकिस्तान अपना स्वतंत्रता दिवस 14 अगस्त को मनाता है, जबकि भारत 15 अगस्त को आजादी की वर्षगांठ मनाता है। इसी दौरान दोनों देशों के युवा सड़कों पर उतरे। विवाद की स्थिति तब बनी जब पाकिस्तानियों ने भारतीय लड़की के साथ बदसलूकी करने की कोशिश की।