तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित, पोस्टर का हुआ विमोच
उदयपुर, 4 नवम्बर।
देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत उदयपुर में ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ का आयोजन आगामी 12 नवम्बर (बुधवार) को किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
ये भी पढ़ें….उदयपुर जिले में शुरू हुआ मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान
तैयारियों की समीक्षा और दिशा-निर्देश
बैठक में आयोजन की रूपरेखा, रूट मार्च, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, तथा एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड सहित विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता पर चर्चा की गई।
एडीएम ओझा ने आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग परस्पर समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दें।

टाउन हॉल से प्रारंभ होगा मार्च
एडीएम ओझा ने बताया कि यूनिटी मार्च प्रातः 7 बजे टाउन हॉल से प्रारंभ होगा, जो शहीद स्मारक, बापू बाजार, सूरजपोल, झीनीरेत चौक, मार्शल चौराहा, धानमंडी, तीज का चौक, देहली गेट होते हुए पुनः बापू बाजार के रास्ते टाउन हॉल पर समाप्त होगा।
मार्च में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठन, खेलकर्मी और आमजन सहभागिता करेंगे।
पोस्टर का विमोचन
बैठक के दौरान यूनिटी मार्च के पोस्टर का विमोचन भी एडीएम ओझा एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल, चिकित्सा, शिक्षा, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
