अमेरिकी राष्ट्रपति निवास व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर बुधवार दोपहर नेशनल गार्ड के दो सदस्यों पर गोलीबारी की गई। वाशिंगटन डीसी में तैनात वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो सदस्यों पर बुधवार को व्हाइट हाउस के पास हुई हिंसक घटना में गोलियां दागीं गईं। डीसी की मेयर म्यूरियल बाउज़र ने इसे एक “टार्गेटेड अटैक” करार दिया है। इस हमले के बाद पूरे व्हाइट हाउस परिसर में लॉकडाउन लागू कर दिया गया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हमले के दौरान फ्लोरिडा में थे। उन्होंने संदिग्ध को जघन्य अपराध का जिम्मेदार बताते हुए कहा कि उसे “बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।” सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में ट्रंप ने लिखा कि जिस हमलावर ने दो नेशनल गार्ड सदस्यों पर गोली चलाई, वे दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और स्वयं हमलावर भी गंभीर हालत में है। उन्होंने कहा, “फिर भी उसे इसके लिए बेहद कड़ी सजा भुगतनी होगी। ईश्वर हमारे बहादुर नेशनल गार्ड, हमारी सेना और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की रक्षा करें। ये सभी सचमुच हीरोज़ हैं।” अंत में उन्होंने कहा, “मैं, संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में, और व्हाइट हाउस कार्यालय से जुड़े सभी लोग, आपके साथ हैं।”
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने बताया कि दोनों गार्ड सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं और एजेंसी इस मामले की जांच की अगुवाई कर रही है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्ध की पहचान 29 वर्षीय रहमानुल्लाह लखनवाल के रूप में हुई है, जो अफगानिस्तान का नागरिक है। वह वर्ष 2021 में अमेरिका आया था।
सैनिकों ने हमलावर को दबोचा
गोलाबारी की घटना व्हाइट हाउस से करीब दो ब्लॉक दूर स्थित एक मेट्रो स्टेशन के पास हुई। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के कार्यकारी सहायक प्रमुख ने बताया कि गोलियों की आवाज़ सुनते ही इलाके में मौजूद अन्य नेशनल गार्ड सैनिकों ने संदिग्ध को घेर लिया। उसे गोली लगी और तुरंत अस्पताल ले जाया गया। संदिग्ध के घाव फिलहाल जानलेवा नहीं बताए जा रहे हैं। पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि कोई अन्य संदिग्ध शामिल नहीं था और क्षेत्र में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बंदूकधारी को काबू में करने में सफलता हासिल की।
भुने चने के नाम पर बिक रहा ज़हर! सेहत को पहुंचा सकता है गंभीर नुकसान, तुरंत हो जाएं सावधान
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, जो गोलीबारी के समय वाशिंगटन डीसी में मौजूद थे, ने कहा कि फिलहाल हमले का स्पष्ट उद्देश्य सामने नहीं आया है। एफबीआई निदेशक काश पटेल ने इस घटना को हमलावर की कार्रवाई बताया है, जबकि डीसी की मेयर बाउज़र ने इसे एक लक्षित गोलीबारी करार दिया है।
