फतहनगर /उदयपुर, 01 दिसम्बर। जिले में यूरिया खाद की चल रही किल्लत के बीच अनियमित वितरण और बिक्री की शिकायतों पर कृषि विभाग सख्त हो गया है। फतहनगर स्थित मेसर्स कन्हैया कृषि भंडार द्वारा उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) सुदीर कुमार वर्मा ने बताया कि विभाग को फर्म के खिलाफ यूरिया खाद की अनियमित एवं अनियंत्रित बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद प्राधिकृत पत्र निलंबित कर दिया गया। जांच पूरी होने तक फर्म किसी भी प्रकार का उर्वरक न तो बेच सकेगी और न ही खरीद सकेगी।
उधर, प्रदेशभर में खाद की गंभीर किल्लत के बीच किसान रोजाना दुकानों पर लंबी कतारों में लगने को मजबूर हैं। बुवाई के सीजन में कई किसान घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं, क्योंकि आपूर्ति उपलब्धता की तुलना में काफी कम है।
