मावली, 12जनवरी। राजकीय महाविद्यालय, मावली में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम मावली रमेश कुमार सीरवी पुनाड़िया रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई सीधा रास्ता नहीं होता, इसके लिए निरंतर मेहनत और समय देना पड़ता है। यदि इरादे मजबूत हों तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. महेश चन्द्र तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि डॉ. भारत भूषण जी ओझा रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य डॉ. तिवारी ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. ओझा ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवाओं को संबोधित करते हुए उनके विचारों को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत युवा दिवस पर “स्वदेशी संकल्प दौड़” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वर्षभर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नगेन्द्र सिंह सोलंकी ने किया तथा आभार भारती चौहान ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
