Saturday, June 27, 2026
No menu items!
HomeLocal Newsमतदाता सूचियों से नाम हटाने व आपत्तियों के खिलाफ मावली कांग्रेस का...

मतदाता सूचियों से नाम हटाने व आपत्तियों के खिलाफ मावली कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

मावली , 19 जनवरी।
मावली विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूचियों से नाम हटाने की प्रक्रिया को लेकर सोमवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। मावली एवं खेमली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मावली विधायक पुष्कर लाल डांगी की अगुवाई में उपखंड अधिकारी मावली को ज्ञापन सौंपकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

SIR प्रक्रिया में मनमानी का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में प्रस्तावित SIR प्रक्रिया के तहत 19 जनवरी तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं पृथक करने का कार्य नियमित रूप से चल रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि उपखंड कार्यालय द्वारा कांग्रेस बाहुल्य बूथों को चिन्हित कर छंटनी की जा रही है और पूरे मावली विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ को 50-50 फार्म नंबर-7 वितरित कर मतदाताओं के नाम हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

फर्जी फार्म व हस्ताक्षरों का गंभीर आरोप

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि फार्म नंबर-7 के माध्यम से की जा रही यह कार्रवाई वैधानिक नियमों के विपरीत एवं पूरी तरह असंवैधानिक है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कई फार्मों में फर्जी हस्ताक्षर पाए गए हैं। यहां तक कि निरक्षर व्यक्तियों के नाम पर भी हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि पूरी प्रक्रिया सुनियोजित तरीके से की जा रही है।

लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। मतदाता सूची से नाम हटाना आमजन के मतदान अधिकारों का सीधा हनन है, जिससे क्षेत्र में जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।

तत्काल रोक, जांच और कार्रवाई की मांग

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि इस असंवैधानिक प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, संबंधित कार्यालय द्वारा प्रस्तुत सभी फार्मों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

घेराव व बड़े आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो मावली विधानसभा कांग्रेस पार्टी द्वारा उपखंड कार्यालय मावली का घेराव कर भव्य और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद

सोमवार को हुए ज्ञापन व धरना-प्रदर्शन में मावली प्रधान नरेंद्र कुमार जैन, मावली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार गोखरू, खेमली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह राणावत सहित मावली विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: महावीर इंटरनेशनल फतहनगर द्वारा जनाना अस्पताल में बेबी किट वितरण

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular