सीनियर रिपोर्टर- श्रीमती भगवती जोशी
फतह नगर-सनवाड, 7 फरवरी l नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले चुनावों के मद्देनजर नेताजी की रिपोर्ट कार्ड के तहत जन प्रतिनिधियों द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में । मैं आई हू वार्ड नंबर 25में हुए कार्यों की जानकारी लेने। आज जानेंगे कि इस वार्ड में क्या-क्या जन समस्याएं हैं और वार्ड पार्षद ने अपने कार्यकाल में क्या-क्या काम कर है …चलिए देखते हैं
जनता का आरोप: समस्या पर पार्षद का जवाब मिला– “स्वयं के स्तर पर करवा लो”
वार्ड नंबर 25 की जनता का आरोप है कि नगर पालिका में शिकायत करने पर पार्षद द्वारा स्वयं के स्तर पर समस्या हल कराने की बात कही गई। इसके बाद मजबूरी में लोगों ने अपने स्तर पर नालियां बनवाईं, पानी की निकासी करवाई और रास्ता निकलवाया, बावजूद इसके समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
जनता का कहना है कि वार्ड में कई बार शिकायत निवारण कैंप भी लगाए गए, जिनमें नालियों, पानी और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं दर्ज कराई गईं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वार्डवासियों में नाराजगी है कि जब शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं होती, तो फिर इन कैंपों का उद्देश्य क्या है, यह समझ से परे है। जनता का कहना है कि प्रशासनिक अनदेखी के चलते उन्हें बार-बार खुद ही खर्च उठाकर काम करवाने पड़ रहे हैं।
वार्ड नंबर 25 में महिलाओं की आवाज़: पानी, गंदगी और टूटी सड़कों ने बढ़ाई परेशानी
वार्ड नंबर 25 की महिलाओं का कहना है कि पीने के पानी की समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्ड में खाली पड़े प्लॉटों में अनावश्यक झाड़ियां उग आई हैं, जहां पानी भरने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
समय पर साफ-सफाई नहीं होने और सूअरों की आवाजाही से हालात और खराब हो गए हैं। इसके साथ ही वार्ड की सड़कें भी जर्जर अवस्था में हैं।
जनता का कहना है कि समस्याओं की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय तक की जा चुकी है। अधिकारियों ने मौके पर आकर स्थिति देखी भी है, लेकिन इसके बावजूद आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पानी का भराव और पीने के पानी की गंभीर किल्लत वार्ड की सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है।
वार्ड नंबर 25 में पानी घर में नल की जगह वार्ड में सब जगह
जनता से संपर्क करने पर सामने आया कि नालियों की व्यवस्था खराब होने के कारण गंदा पानी प्लॉटों और घरों की नींव में भर रहा है, जिससे मकानों को नुकसान हो रहा है। नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
इसके साथ ही पीने के पानी की भारी समस्या है, नल नियमित रूप से नहीं आते।
विनायक नगर क्षेत्र में पार्क के लिए स्थान निर्धारित होने के बावजूद पार्क का निर्माण नहीं हुआ है, वहां झाड़ियां उग आई हैं।
जनता का कहना है कि कई बार नगर पालिका में शिकायत देने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
वार्ड 25 पार्षद ने कहा सब ठीक है, समस्याओं के समाधान का आश्वासन, जल योजना से जल्द राहत का दावा
वार्ड नंबर 25 की समस्याओं को लेकर जब वार्ड पार्षद से बात की गई, तो उन्होंने नालों की साफ-सफाई को लेकर समाधान का आश्वासन दिया। पार्षद का कहना है कि कर्मचारियों की बैठक बुलाकर उन्हें नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।
पीने के पानी की समस्या पर पार्षद ने बताया कि वार्ड में पहले से बोरवेल और नल की सुविधा जगह-जगह उपलब्ध करवाई गई है। इसके बावजूद पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने बताया कि सरकार की योजना के तहत 9 करोड़ रुपये की लागत से 27 किलोमीटर लंबी पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे जल्द ही वार्डवासियों को राहत मिलने का दावा किया गया है।
पार्षद ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि तीन सामुदायिक भवनों का निर्माण, लोगों को पट्टे वितरण, सभी सड़कों की मरम्मत और सीसी रोड निर्माण जैसे कार्य कराए गए हैं।
