- ग्रामीणों की सुनी परिवेदनाएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
- भींडर में उपखण्ड कार्यालय तथा पुलिस थाने का किया निरीक्षण

उदयपुर, 12 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के सुशासन के संकल्प को साकार करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिला कलक्टर नमित मेहता ने बुधवार को भीण्डर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान ग्राम पंचायत वरणी में रात्रि चौपाल करते हुए जिला कलक्टर ने आमजन की परिवेदनाओं को पूर्ण संवेदनशीलता के साथ सुना और त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इससे पूर्व उपखण्ड कार्यालय भीण्डर और पुलिस थाने का निरीक्षण किया।

जिला कलक्टर श्री मेहता बुधवार देर शाम ग्राम पंचायत वरणी पहुंचे। वहां जिला व उपखण्ड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में रात्रि चौपाल हुई। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं। चौपाल में नवीन पशु चिकित्सा केंद्र स्वीकृत करने, पेयजल पाइपलाइन मरम्मत, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण, पेयजल में फ्लोराइड समेत विविध प्रकरण प्राप्त हुए। जिला कलेक्टर ने जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो और ग्रामीणों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। कलेक्टर श्री मेहता ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वाच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ग्राम स्तर पर आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए, ताकि बजट प्रावधान के अनुसार कार्यों को स्वीकृति दिलाई जा सके। अधिकारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया तथा शेष मामलों में निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बिरमाराम सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
एसडीएम ऑफिस व पुलिस थाने का निरीक्षण
इससे पूर्व जिला कलेक्टर नमित मेहता ने उपखण्ड स्तरीय राजकीय कार्यालयों का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने उपखण्ड कार्यालय भवन एवं पुलिस थाने का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों, अभिलेख संधारण, लंबित प्रकरणों एवं आमजन से जुड़े मामलों की स्थिति के बारे में कार्मिकों से विस्तृत जानकारी ली। जिला कलक्टर के पुलिस स्टेशन पहुंचने पर जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी रमेश बहेड़िया, तहसीलदार मोहित आशिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कार्यालयों में स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं आमजन से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता एवं तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलक्टर का सरल सहज स्वभाव ग्रामीणों को रास आया
भींडर दौरे के दौरान जिला कलेक्टर नमित मेहता संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवाद के निस्तारण की गुणवत्ता की जांच करने भीम का खेड़ा गांव में मौके पर पहुंचे। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उन्हें अपने साथ निकटवर्ती आश्रम चलने का आग्रह किया जिसे कलेक्टर मेहता ने सहर्ष स्वीकार करते हुए पैदल-पैदल ही डेढ़ किमी की दूरी तय कर आश्रम पहुंचे और ग्रामीणों से भी मुलाकात की, जिले के प्रशासनिक मुखिया को अपने बीच पाकर ग्रामीण गद्गद् हो गए।
