Monday, March 9, 2026
No menu items!
HomeLocal Newsअंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस थाना मावली में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस थाना मावली में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मावली, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस थाना मावली में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक परामर्शदाता वैदेही वैष्णव द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए पुलिस थाना मावली के थानाधिकारी अशोक विश्नोई ने महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनकी रोकथाम तथा उपलब्ध कानूनी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके समाधान को लेकर संवाद किया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने अपने गांवों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं साझा कीं, जिन पर चर्चा करते हुए समाधान के सुझाव भी दिए गए।

कार्यक्रम में सहायक उपनिरीक्षक बसन्तीलाल मीणा ने महिलाओं को साइबर क्राइम, ऑनलाइन फ्रॉड, बाल श्रम तथा लैंगिक अपराधों से संबंधित कानूनों और सावधानियों के बारे में जानकारी दी। वहीं नरेन्द्र सिंह (सउनि) तथा दलपत सिंह (हेड कांस्टेबल) ने राजकॉप सिटीजन ऐप, डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, बाल हेल्पलाइन 1098 तथा यातायात नियमों की जानकारी देते हुए महिलाओं को इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

जतन संस्थान द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की सामाजिक परामर्शदाता श्रीमती वैदेही वैष्णव ने महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को कानूनी सहायता, घरेलू हिंसा से संरक्षण, परामर्श सेवाओं तथा शिकायत निवारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में बताया गया कि महिला अधिकारिता विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा भविष्य में भी विभिन्न ग्राम पंचायतों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाया जा सके। यह पहल महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular