भारत ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ एक अहम कदम उठाते हुए चिनाब नदी के जल प्रवाह को बगलिहार बांध के माध्यम से रोक दिया है। यह जानकारी समाचार एजेंसी पीटीआई ने अपने सूत्रों के हवाले से दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत अब झेलम नदी पर स्थित किशनगंगा बांध को लेकर भी इसी प्रकार की कार्रवाई पर विचार कर रहा है।
इस फैसले को भारत द्वारा पाकिस्तान पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, विशेषकर तब जब दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। भारत ने यह कदम अपने जल संसाधनों पर अधिकार सुनिश्चित करने और सिंधु जल संधि के तहत मिले अधिकारों के उपयोग के तहत उठाया है।
झेलम नदी पर बने किशनगंगा बांध को लेकर भारत पहले भी तकनीकी तौर पर अपने अधिकारों का हवाला देता रहा है, और अब इस पर भी जल प्रवाह सीमित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इस तरह के कदम से पाकिस्तान को कृषि और जल आपूर्ति के मोर्चे पर गंभीर असर झेलना पड़ सकता है।
