घायल अवस्था में मिले नंदी महाराज का किया रेस्क्यू, अब स्वास्थ्य में लगातार हो रहा सुधार
फतहनगर ,19 मई। सड़कों पर फैले प्लास्टिक कचरे का बेजुबान पशुओं पर कितना गंभीर और घातक असर पड़ रहा है, इसका मार्मिक उदाहरण हाल ही में देखने को मिला। लगभग चार दिन पूर्व एक नंदी महाराज घायल एवं गंभीर अवस्था में मिले, जिन्हें श्री पशुपतिनाथ निराश्रित पशु सेवा समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा तत्काल रेस्क्यू कर उपचार हेतु चिकित्सकों के पास पहुंचाया गया।
चिकित्सकों द्वारा जांच करने पर सामने आया कि अत्यधिक मात्रा में प्लास्टिक खाने के कारण नंदी महाराज का पूरा पेट जाम हो चुका था। स्थिति अत्यंत गंभीर होने पर समिति द्वारा तुरंत ऑपरेशन कराने का निर्णय लिया गया।
समिति की देखरेख एवं चिकित्सकों की टीम के अथक प्रयासों से कल करीब 7 घंटे तक लगातार ऑपरेशन किया गया। इस कठिन एवं संवेदनशील ऑपरेशन के दौरान नंदी महाराज के पेट से 100 किलो से अधिक प्लास्टिक, लोहे की धातुएं, सिक्के एवं अन्य कई हानिकारक वस्तुएं निकाली गईं
ऑपरेशन सफल रहने के बाद अब नंदी महाराज की तबीयत में पहले की तुलना में लगातार सुधार बताया जा रहा है तथा चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
समिति सदस्यों और कार्यकर्ताओं का रहा विशेष योगदान
इस सेवा कार्य में समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें —
डॉ. हरिओम जी कुमावत
LSA ललित जी रेगर
LSA मनीष जी रेगर
LSA राहुल जी
LSA शांति लाल जी जटिया
सहित समिति के अन्य कार्यकर्ताओं का भी सराहनीय सहयोग रहा। समिति ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी की मेहनत, सेवा भावना एवं तत्परता से यह ऑपरेशन सफल हो पाया।
मेडिकल सप्लाई में मिला सहयोग
ऑपरेशन के दौरान मेडिकल सप्लाई उपलब्ध कराने में —
डॉ. रवि जी गोयल (गोयल हॉस्पिटल)
शशिकांत जी अग्रवाल (मातेश्वरी डिस्ट्रीब्यूटर)
का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समिति ने दोनों का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
आमजन से की अपील
समिति ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़कों एवं खुले स्थानों पर प्लास्टिक एवं अन्य कचरा नहीं फेंके। भोजन की तलाश में बेजुबान पशु प्लास्टिक खा लेते हैं, जिससे उनकी जान पर गंभीर खतरा बन जाता है।
समिति ने सभी नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने एवं पशुओं के प्रति संवेदनशील रहने का आग्रह किया।
