Thursday, June 25, 2026
No menu items!
HomeLocal Newsवृद्ध दंपती को मिली सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 80 वर्षीय चतरा को मिला...

वृद्ध दंपती को मिली सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 80 वर्षीय चतरा को मिला रोडवेज में निःशुल्क यात्रा का अधिकार

  • ग्रामीण सेवा शिविरों में समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान, पात्रों को मिला योजनाओं का लाभ

उदयपुर, 24 जून। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याणकारी सोच के अनुरुप राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत बुधवार को भी जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए, जहां आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को बारापाल तहसील की बारापाल ग्राम पंचायत, कुराबड़ की झामर कोटडा, बड़गांव की धार, मावली की साकरोदा एवं फलीचडा, वल्लभनगर की नवानिया, कानोड़ की आकोला, गोगुंदा की वीरपुरा, सायरा की सामल, झाड़ोल की काडा एवं चोखलाबारा, फलासिया की खाटीकमदी एवं सरादीत, खेरवाड़ा की भाणदा एवं ढिकवास, नयागांव की असारीवाडा, ऋषभदेव की नला पीपला तथा कोटड़ा की बाखेल, डिंगावरी कला एवं खजुरिया में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।

READ MORE : 7 वर्ष की उम्र में उठा पिता का साया, माँ ने धागा फैक्ट्री में मेहनत कर लाल को बनाया फौजी: अग्निवीर कुलदीप सिंह राठौड़ का खेरोदा में ऐतिहासिक स्वागत

पति-पत्नी दोनों को मिली वृद्धावस्था पेंशन


पंचायत समिति गोगुंदा की ग्राम पंचायत वीरपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में वृद्ध शंकर मेघवाल एवं उनकी पत्नी केसर बाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ प्राप्त करने पहुंचे। शिविर में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पनोरी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों के आवेदन हाथों-हाथ स्वीकार किए तथा शिविर स्थल पर ही भुगतान स्वीकृति आदेश जारी किए। पात्रता जांच एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद दोनों को वृद्धावस्था पेंशन योजना से लाभान्वित किया गया। अब दंपती को प्रतिमाह 1300-1300 रुपये की नियमित पेंशन प्राप्त होगी, जिससे उनके जीवनयापन में आर्थिक संबल मिलेगा। इस दौरान शिविर प्रभारी आनंदी लाल चैहान भी उपस्थित रहे।
इधर, उपखण्ड प्रशासन गोगुंदा के अंतर्गत पंचायत समिति सायरा की ग्राम पंचायत सामल में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्राम जेतनाड़ी निवासी 80 वर्षीय चतरा जी ने अधिकारियों को बताया कि जानकारी के अभाव में अब तक उनका राजस्थान रोडवेज का निःशुल्क यात्रा पास नहीं बन पाया था। अस्पताल सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उन्हें बार-बार उदयपुर सहित विभिन्न स्थानों पर जाना पड़ता था, जिसके लिए प्रत्येक बार किराया देना पड़ता था।


शिविर प्रभारी महिप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के अधिकारी सुरेंद्र सिंह राणावत को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए चतरा जी के निःशुल्क यात्रा कार्ड बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। अब उन्हें राजस्थान रोडवेज की बसों में यात्रा के दौरान किसी प्रकार का किराया नहीं देना पड़ेगा। चतरा जी ने इस सुविधा के लिए राजस्थान सरकार, उपखण्ड प्रशासन गोगुंदा एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के प्रति आभार व्यक्त किया।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे शिविर


ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक त्वरित रूप से पहुंचाया जा रहा है। शिविरों में समस्याओं का मौके पर समाधान होने से लोगों के समय, धन और श्रम की बचत हो रही है तथा उन्हें तत्काल राहत मिल रही है। ये शिविर प्रशासन की संवेदनशीलता, त्वरित कार्यप्रणाली और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहे हैं।

गुरुवार को इन पंचायतों में शिविर


ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत गुरुवार 25 जून को बारापाल तहसील की ग्राम पंचायत खरपीणा, कुराबड की वल्लभ, बड़गांव की बड़ी, मावली की नामरी तथा सालेराकला, वल्लभनगर की मेनार, कानोड़ की सालेड़ा, गोगुंदा की जसवंतगढ़, सायरा की पादराडा, झाड़ोल की अटाटीया तथा पीलक, फलासिया की सडा, खेरवाड़ा की लराठी, नयागांव की नयागांव, ऋषभदेव की परेडा, तथा कोटडा की नयावास, खुणा तथा जोगीवड में शिविर आयोजित होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular