जनसुनवाई में अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश, योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
उदयपुर, 11 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत सोमवार को झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र की पांच ग्राम पंचायतों में जनसुनवाई एवं ग्रामीण संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया गया।
यह भी पढ़ें:- 751 कलशों के साथ निकली ऐतिहासिक कलश यात्रा
मांडवा ग्राम पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और राजस्व संबंधी विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। इस पर मंत्री खराड़ी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम रथ एलईडी वैन के माध्यम से राजस्थान सरकार के 13 विभागों से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
मंत्री खराड़ी ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने तथा अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी हिम्मत तावड़, मुकेश माली, पूर्व प्रधान मुरारीलाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
