फतहनगर,सनवाड़। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को फतहनगर सनवाड़ के वार्ड नंबर 12 में एक विशेष नि:शुल्क प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन किंग सेना मातृभूमि धर्म संघ के तत्वावधान में किया गया, जिसमें स्थानीय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर के पहले दिन संगठन की महिला प्रकोष्ठ की वरिष्ठ पदाधिकारी एवं राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित श्रीमती भगवती जोशी ने महिलाओं को सर्फ (डिटर्जेंट) बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। महिलाओं ने एक साथ बैठकर बहुत ही उत्साह के साथ सर्फ बनाने की प्रक्रिया को बारीकी से समझा और प्रायोगिक तौर पर इसे सीखा।
समर्थ सेवा संस्थान के सहयोग से चल रहे शिविर में श्रीमती भगवती जोशी ने बताया कि प्रशिक्षण को दो भागों में बांटा गया है, शुक्रवार: महिलाओं को सर्फ बनाने की विधि सिखाई गई।
शनिवार को महिलाओं को साबुन बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
READ MORE : जनकल्याण की नई मिसाल बने सेवा शिविर, हजारों लोगों को मिला त्वरित लाभ
10 महीने से चल रहा है स्वावलंबन अभियान
संगठन के अध्यक्ष गगन सिंह राव ने इस पहल की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान पिछले 10 महीने से निरंतर जारी है। मावली उपखंड की विभिन्न पंचायतों में महिलाओं को स्वावलंबी और आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए इस तरह के साबुन-सर्फ बनाने के प्रशिक्षण लगातार दिए जा रहे हैं।

रोजगार शुरू करने के लिए मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ व ऋण
इस शिविर की सबसे खास बात यह है कि यह केवल प्रशिक्षण तक ही सीमित नहीं है। श्रीमती भगवती जोशी ने आश्वस्त किया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद जो इच्छुक महिलाएं अपना खुद का लघु उद्योग या रोजगार शुरू करना चाहेंगी, उन्हें संगठन द्वारा पूरा सहयोग दिया जाएगा। इसके तहत महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा और आसान किस्तों एवं कम ब्याज दरों पर ऋण (लोन) उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।

