HR18D3461 नंबर की वैन को लेकर थाना फतहनगर में शिकायत, वीडियो में बड़ी संख्या में श्वान दिखाई दिए
फतहनगर, 11 अगस्त। नगर में पिछले कई दिनों से एक सफेद रंग की वैन के जरिए बेजुबान पशुओं को पकड़कर ले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना फतहनगर में पशु क्रूरता के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
Read more: रक्षाबंधन पर डाक विभाग की विशेष पहल बहनों के लिए 13 अगस्त से लगाए जाएंगे स्पेशल काउंटर
थाने में श्री पशुपतिनाथ निराश्रित सेवा समिति द्वारा दिए गए लिखित शिकायत पत्र में HR18D3461 नंबर की सफेद रंग की वैन का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार यह वैन पिछले 5-7 दिनों से क्षेत्र में घूम रही है और बेजुबान पशुओं को पकड़कर ले जा रही है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मामले की जानकारी करने पर पता चला कि संबंधित वाहन नगर पालिका के अधिकृत ठेकेदार के अंतर्गत कार्य कर रहा है। समिति के सचिव का कहना है कि पशुओं को ले जाने और रखने की प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। शिकायत में इसे पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार बताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
वीडियो में क्या दिखाई दे रहा है?
इस मामले से जुड़े वीडियो में HR18D3461 नंबर की सफेद वैन सड़क पर खड़ी दिखाई देती है। वैन में कुछ लोग भी नजर आ रहे हैं। ये लोग अपने फोन में श्वान के टीकाकरण व नसबंदी की नगरपालिका से अनुमति होने की बात कह रहे हैं।
दूसरे वीडियो में बड़ी संख्या में बेजुबान श्वान एक कमरे में रखे हुए दिखाई दे रहे हैं। समिति ने इस श्वानों के रखरखाव व पूरी प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े किए हैंं। हालांकि वीडियो के आधार पर यह स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाती कि इन पशुओं को उसी वैन से लाया गया था या उन्हें किस उद्देश्य से वहां रखा गया था। यह जांच का विषय है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
शिकायत पत्र में पुलिस से पूरे मामले की जांच करने, संबंधित वाहन और उसमें सवार लोगों की भूमिका की पड़ताल करने तथा यदि पशु क्रूरता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
अब सवाल यह है कि—
क्या HR18D3461 नंबर की वैन वास्तव में नगर पालिका के अधिकृत ठेकेदार के लिए काम कर रही है?
वीडियो में दिखाई दे रहे पशुओं को किस जगह से लाया गया और उन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था?
इन सवालों का जवाब पुलिस और संबंधित नगर पालिका प्रशासन की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल शिकायतकर्ता ने पूरे मामले को पशु क्रूरता बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
