Friday, April 3, 2026
No menu items!
HomeLocal Newsमावली क्षेत्र के लिए संजीवनी बनेगा बागोलिया फीडर

मावली क्षेत्र के लिए संजीवनी बनेगा बागोलिया फीडर

मुख्य अभियंता ने किया निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण

उदयपुर, 3 अप्रैल।राज्य सरकार की बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने और जल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण के संकल्प के साथ जल संसाधन विभाग की ओर से 10 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारी विभिन्न निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण कर रहे हैं।

इसी क्रम में मुख्य अभियंता (बांसवाड़ा संभाग) देवी सिंह बेनीवाल ने शुक्रवार को मावली क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बागोलिया फीडर निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा समय-सीमा की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उदयसागर के अधिशेष जल से सरसब्ज होगी मावली की धरा

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता श्री बेनीवाल ने बताया कि मावली क्षेत्र लंबे समय से वर्षा और पेयजल की दृष्टि से डार्कजोन में बना हुआ है। क्षेत्रीय जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2024-25 के तहत उदयसागर बांध के वर्षा ऋतु के अधिशेष जल को बागोलिया फीडर के माध्यम से डाइवर्ट करने का कार्य किया जा रहा है।

इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद मावली क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को नया जीवन मिलेगा तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे क्षेत्र की कृषि उत्पादन क्षमता में वृद्धि होने के साथ ही जल संकट की समस्या में भी राहत मिलने की उम्मीद है।

📊 बागोलिया फीडर : एक नजर
परियोजना लंबाई: उदयसागर बांध की बायीं मुख्य नहर की चेन संख्या 480 से लगभग 30 किलोमीटर लंबा फीडर
क्षमता: फीडर की कुल क्षमता 138 क्यूसेक निर्धारित
जल उपलब्धता: वर्षा ऋतु के दौरान लगभग 180 एमसीएफटी अधिशेष जल को बागोलिया बांध तक पहुंचाया जाएगा

लाभार्थी: मावली क्षेत्र के 17 गांवों की 3676 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा

गुणवत्ता से समझौता नहीं, अधिकारियों को सख्त निर्देश

मुख्य अभियंता ने निर्माण स्थल पर कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्माण सामग्री की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा पूरा कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं स्वीकृत डिजाइन के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा और उनके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्य की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता धीरेंद्र सिंह सागर, अधीक्षण अभियंता मनोज जैन, अधिशाषी अभियंता मोहित पाटीदार, सहायक अभियंता राजेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता अजय सिंह गुर्जर सहित कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular