उदयपुर, 28 अप्रैल।
जिले में बढ़ती भीषण गर्मी और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला कलेक्टर ने स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के समय में अस्थायी बदलाव के आदेश जारी किए हैं।
जिला कलेक्टर के आदेशानुसार उदयपुर जिले के सभी राजकीय, गैर-राजकीय एवं सीबीएसई मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों का समय 29 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाओं का समय यथावत रहेगा।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह बदलाव केवल विद्यार्थियों के लिए लागू होगा, जबकि विद्यालय स्टाफ को पूर्व निर्धारित समय पर ही विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। साथ ही परीक्षा समय पूर्ववत ही रहेगा।
इसी प्रकार, बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों का समय भी 29 अप्रैल से 15 मई 2026 तक प्रातः 7:30 बजे से 10:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। आंगनवाड़ी कर्मचारियों का समय प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक रहेगा।
प्रशासन ने निर्देशों की अवहेलना करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
