Tuesday, April 28, 2026
No menu items!
HomeLocal Newsदूध की नदियाँ बहने दो, गौ माता को जीने दो—नारों के साथ...

दूध की नदियाँ बहने दो, गौ माता को जीने दो—नारों के साथ मावली में भव्य रैली, नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

मावली, 27 अप्रैल ।मावली तहसील में मोहिनी एकादशी के अवसर पर गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर सनातनी गौभक्तों द्वारा भव्य रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मावली तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों, ढाणियों एवं कस्बों से बड़ी संख्या में गौभक्त इस आयोजन में शामिल हुए।

तय समय एवं स्थान के अनुसार मावली के पुराना बस स्टैंड स्थित तैयार पाण्डाल में गौभक्त भजन-कीर्तन करते हुए एकत्रित हुए। गांवों, कस्बों एवं ढाणियों से महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इसके पश्चात विभिन्न साधनों एवं घोड़ों पर आकर्षक झांकियां सजाकर विशाल रैली निकाली गई।

रैली के दौरान श्रद्धालु ‘दूध की नदियाँ बहने दो, गौ माता को जीने दो’, ‘गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दो’ तथा ‘गौ हत्या बंद करो’ जैसे नारों के साथ मुख्य बाजार, मुख्य चौराहा एवं न्याय मार्ग से होते हुए आगे बढ़ते रहे। रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

इस दौरान हजारों की संख्या में सनातनी लोगों के हस्ताक्षर युक्त पोथियों को लाल कपड़ों में बांधकर श्रद्धालुओं ने अपने सिर पर धारण किया। गौवंश, नंदी महाराज के मुख्य आतिथ्य तथा साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति में रैली तहसील कार्यालय पहुंची, जहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।

कार्यक्रम में सनातन धर्म के समर्थन में मावली व्यापार मंडल द्वारा अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर रैली एवं जुलूस में सहभागिता कर सहयोग प्रदान किया गया।

आयोजकों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौवंश संरक्षण सुनिश्चित करने एवं गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागी गौभक्तों का आभार व्यक्त किया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular