प्रमुख जनगणना अधिकारी व जिला कलक्टर की अपील
मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का प्रथम चरण 1 मई से
उदयपुर, 30 अप्रैल। भारत की जनगणना 2027 के तहत 1 मई से प्रारंभ होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के प्रथम चरण को लेकर जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने मीडियाकर्मियों के माध्यम से जिलेवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कलक्ट्रेट मिनी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कलक्टर ने कहा कि भारत की जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यापक प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक से संबंधित सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जाती है।
इन आंकड़ों के आधार पर केंद्र एवं राज्य सरकारें विकास योजनाएं, आधारभूत सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों की योजना बनाती हैं। उन्होंने कहा कि संकलित आंकड़ों की शुद्धता, परिपूर्णता एवं विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान करे।
जनगणना के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का स्व-गणना कार्य 1 मई 2026 से 15 मई 2026 तक किया जाएगा, जबकि फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक चलेगा।
पूरी तरह डिजिटल और तकनीक आधारित होगी जनगणना
जिला कलक्टर ने बताया कि डिजिटल इंडिया पहल के तहत इस बार जनगणना 2027 पूर्णतः डिजिटल होगी। इसके लिए एचएलओ मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग किया जाएगा।
आम नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा 1 मई से 15 मई 2026 तक एक समर्पित वेब पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रहेगी। यह पोर्टल अंग्रेजी, हिंदी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध रहेगा।
परिवार का मुखिया लगभग 15-20 मिनट में स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण कर सकता है और विवरण दर्ज कर सकता है। स्व-गणना के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के साथ साझा करना आवश्यक होगा।
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण से संबंधित लगभग 34 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें परिवार की सुविधाएं एवं परिसंपत्तियों से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे।
जिला परिषद में विशेष कैंप आज
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी अधिकारी और कर्मचारी सबसे पहले अपने परिवार की स्व-गणना करें, ताकि आमजन को प्रेरणा मिल सके।
एडीएम (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 1 मई को जिला परिषद सभागार में विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसमें कलक्ट्रेट एवं जिला परिषद का स्टाफ स्व-गणना करेगा। इसी प्रकार ब्लॉक स्तर पर भी विशेष कैंप लगाए जाएंगे।

“सिर्फ अधिकृत पोर्टल का ही करें उपयोग”
जिला कलक्टर ने आमजन को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि स्व-गणना केवल अधिकृत पोर्टल के माध्यम से ही करें। किसी भी फर्जी लिंक या कॉल के झांसे में न आएं और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सतर्कता बरतें।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला जनगणना अधिकारी एडीएम (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़, उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक सांख्यिकी पुनीत शर्मा सहित विभिन्न समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
