भक्ति और आस्था में सराबोर हुआ ग्राम घोड़ाच
नाथद्वारा, 8 मई।घोड़ाच गांव में शुक्रवार को धर्म, आस्था एवं सनातन संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिला, जब श्रीचारभुजानाथ मंदिर के तत्वावधान में 751 कलशों की भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई। विशाल जनसमूह, भक्ति संगीत और जयघोषों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
कलश यात्रा रावला रेट से प्रारम्भ होकर श्रीचारभुजानाथ मंदिर परिसर तक पहुंची। यात्रा में करीब 4 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा एवं संस्कृति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया, वहीं युवाओं ने ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे एवं भक्ति गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए माहौल को भक्तिमय बना दिया।
“जय श्री चारभुजानाथ” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। गांव के बुजुर्गों, मातृशक्ति एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक बना दिया।
महिलाओं की आस्था बनी आकर्षण का केंद्र
एक जैसी पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की लंबी कतारें यात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं। सिर पर कलश और हाथों में श्रद्धा लिए महिलाएं भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ती नजर आईं, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
गांवभर में हुआ भव्य स्वागत
कलश यात्रा के स्वागत के लिए ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा की। घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ यात्रा का अभिनंदन किया, जिससे पूरा गांव उत्सवमय दिखाई दिया।
महाप्रसादी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कलश यात्रा के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। आयोजन समिति द्वारा पेयजल, बैठने, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से की गईं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
आयोजन समिति ने जताया आभार
आयोजन समिति ने समस्त ग्रामवासियों, युवाओं, माताओं-बहनों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
Read More : जिला कलक्टर ने किया भीण्डर क्षेत्र का दौरादफ्तरों का निरीक्षण, मैनार में विकास कार्यों की समीक्षा
