- शहरी सेवा शिविर 2026′ और ‘पीएम स्वनिधि योजना विशेष अभियान’
- आमजन को मिलेगा योजनाओं का लाभ
- 12 जून से शुरू होकर 15 जुलाई 2026 तक नगर पालिका कार्यालय परिसर में आयोजित होंगे शिविर
- सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक आम लोग उठा सकेंगे विभिन्न सरकारी सेवाओं का फायदा
फतेहनगर,11 जून। राजस्थान सरकार के नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार, नगर पालिका फतेहनगर-सनवाड़ में ‘शहरी सेवा शिविर 2026’ का भव्य आगाज कल, यानी 12 जून से होने जा रहा है। आम जनता की सहूलियत के लिए यह शिविर रोजाना सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 तक आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही ‘प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना’ के तहत भी विशेष अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
शहरी सेवा शिविर 2026: एक ही छत के नीचे होंगे कई कार्य
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी छैल कंवर ने बताया कि नगर पालिका कार्यालय परिसर में 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस शिविर में शहर के विकास और आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम मौके पर ही निपटाए जाएंगे।
शिविर के दौरान होने वाले मुख्य कार्य:
सड़क व सफाई व्यवस्था: शहर की नालियों, सड़कों की मरम्मत, पेच वर्क और सीवर लाइन के लीकेज दुरुस्त करना।
स्ट्रीट लाइट: मुख्य चौराहों, डिवाइडरों और अंधेरे रास्तों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम।
पट्टा वितरण व नियमन: विभिन्न योजनाओं के तहत लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे जारी करना और नियमन कार्य।
प्रमाण पत्र: जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीकरण, और विभिन्न प्रकार के अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करना।
पेंशन योजनाएं: अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन के आवेदनों को स्वीकृत कर लाभ पहुंचाना।
यह पूरा अभियान प्रशासक/उपखण्ड अधिकारी (शिविर प्रभारी) श्री रमेश सीरवी और अधिशाषी अधिकारी श्रीमती छैल कंवर चारण की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है।
पीएम स्वनिधि योजना विशेष अभियान भी रहेगा साथ
शहरी सेवा शिविर के साथ-साथ छोटे व्यापारियों, ठेला-रेहड़ी पटरी व्यवसायियों के लिए पीएम स्वनिधि योजना (लोक कल्याण मेला, स्वनिधि महोत्सव एवं स्वनिधि कैंप) का विशेष अभियान भी संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत मिलने वाले मुख्य लाभ:
बिना गारंटी के आसान ऋण: प्रथम लोन ₹15,000 तक, द्वितीय लोन ₹25,000 तक और तृतीय लोन ₹50,000 तक का प्रावधान।
डिजिटल लेनदेन पर प्रोत्साहन: डिजिटल पेमेंट (UPI/QR) अपनाने पर आकर्षक इंसेंटिव।
मौके पर सुविधाएं: नए आवेदन एवं पंजीकरण, ऋण स्वीकृति एवं वितरण, क्रेडिट कार्ड और बैंकिंग सेवाएं।
नगर पालिका प्रशासन ने क्षेत्र के सभी नागरिकों और छोटे व्यवसायियों से अपील की है कि वे कल, 12 जून को सुबह 9:30 बजे से शुरू हो रहे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
