उदयपुर, 29 जून। उदयपुर के माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा जनजाति (ST) वर्ग के पी.एच.डी. शोधार्थियों के लिए दी जाने वाली ‘शोध फैलोशिप छात्रवृत्ति’ के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि आज यानी 30 जून है। इच्छुक उम्मीदवार सायं 5 बजे तक अपना आवेदन जमा करा सकते हैं।
किन्हें मिलेगा लाभ? (पात्रता शर्तें)
संस्थान के निदेशक ओ.पी. जैन (RAS) ने बताया कि इस फेलोशिप योजना के लिए टीएसपी (TSP) क्षेत्र के निवासी तथा बारां जिले की शाहबाद एवं किशनगंज तहसील के निवासी जनजाति के शोधार्थी पात्र होंगे। आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उसके माता-पिता आयकरदाता (Income Tax Payee) नहीं होने चाहिए। इस चयन प्रक्रिया में NET या SLET उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह भी पढ़ें:- उदयपुर में सेवा शिविर बने वरदान, मौके पर ही हो रहा जनसमस्याओं का समाधान
मिलेगी बेहतर वित्तीय सहायता
चयनित होने वाले शोधार्थियों को संस्थान की ओर से बेहतरीन वित्तीय मदद दी जाएगी, जिसके तहत:
₹37,000 प्रति माह फेलोशिप राशि।
₹3,330 प्रति माह मकान किराया भत्ता (HRA)।
शोध अवधि के लिए ₹40,000 की आकस्मिक निधि (Contingency Fund) का एकमुश्त भुगतान किया जाएगा।
लापरवाही या गलत जानकारी पर होगी वसूली
निदेशक जैन ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी ने गलत तथ्य पेश कर फेलोशिप हासिल की, या समय पर शोध कार्य पूरा नहीं किया, अथवा शोध अवधि समाप्त होने के 1 वर्ष के भीतर अपनी थीसिस (Thesis) जमा नहीं कराई, तो उससे पूरी फेलोशिप राशि वसूल की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल गंभीर और ईमानदार शोधार्थियों को बढ़ावा देना है। योजना से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइन जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
