Saturday, May 2, 2026
No menu items!
HomeLocal Newsमकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए स्व-गणना प्रारंभ

मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए स्व-गणना प्रारंभ

जिला परिषद में लगा स्व-गणना कैंप, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया पंजीयन

उदयपुर, 1 मई। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत के साथ ही उदयपुर में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के तहत स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। इसी क्रम में जिला परिषद सभागार में विशेष स्व-गणना कार्यशाला एवं कैंप आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-गणना दर्ज की।


प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस कैंप में स्व-गणना प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझाने और मौके पर ही पंजीयन कराने पर विशेष फोकस रखा गया।

जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर के अधिकारी-कर्मचारियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर इस प्रक्रिया की शुरुआत की।
इस दौरान उप जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक (सांख्यिकी) पुनीत शर्मा सहित विशेषज्ञों ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को पोर्टल के उपयोग, आवश्यक जानकारियों तथा सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

15 मई तक खुला रहेगा पोर्टल

जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के अंतर्गत 1 मई से 15 मई 2026 तक आमजन के लिए स्व-गणना पोर्टल उपलब्ध रहेगा, जिससे नागरिक घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा।

स्व-गणना की सुविधा एक समर्पित वेब पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है, जो अंग्रेजी, हिंदी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में संचालित है। परिवार का मुखिया लगभग 15 से 20 मिनट में स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए परिवार संबंधी विवरण दर्ज कर सकता है।
स्व-गणना के पश्चात प्राप्त यूनिक आईडी (पहचान संख्या) मोबाइल या ई-मेल पर प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के घर भ्रमण के दौरान सत्यापन एवं अंतिम प्रस्तुतिकरण के लिए साझा करना आवश्यक होगा।

जिला कलेक्टर ने की अपील

जिला कलेक्टर श्री अग्रवाल ने सभी राजकीय कर्मचारियों एवं आमजन से स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही उन्होंने नागरिकों से केवल अधिकृत पोर्टल का ही उपयोग करने और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी से सतर्क रहने का आग्रह किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular