Thursday, August 6, 2026
No menu items!
HomeHindi newsउदयपुर: लूट का विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या, परिवार के तीन...

उदयपुर: लूट का विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या, परिवार के तीन सदस्य घायल, गहने लूटकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश

उदयपुर। जिले के फतहनगर थाना क्षेत्र के सनवाड़ गांव में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली डकैती की वारदात सामने आई। करीब रात एक बजे 7 से 8 नकाबपोश बदमाश एक मकान में घुस गए और परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार पर पत्थरों और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें 60 वर्षीय देवीलाल गमेती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे ओंकारलाल, शिवलाल और पोते अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों के अनुसार बदमाश सबसे पहले घर की महिलाओं के गहने उतरवाने लगे। जब परिवार के पुरुष सदस्यों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर बेरहमी से हमला कर दिया। ओंकारलाल और शिवलाल के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पोता अनिल भी हमले में घायल हो गया। इसके बाद बदमाश महिलाओं के गहने लूटकर परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद घायल ओंकारलाल ने आसपास के ग्रामीणों को फोन कर सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सनवाड़ अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को छुट्टी दे दी गई, जबकि देवीलाल गमेती का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

वारदात की सूचना मिलते ही फतहनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव नहीं उठाने की चेतावनी दी। मौके पर पहुंचे डीएसपी चांदमल सिंगारिया और थाना अधिकारी मदनलाल जाट ने ग्रामीणों से बातचीत कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने दो दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।

पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल सभी बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular