जमुई, बिहार:
जमुई जिले के सिकहरिया गांव में रिश्तों की मर्यादा को पीछे छोड़ते हुए एक महिला ने अपने ही भतीजे से मंदिर में शादी कर ली। यह हैरान करने वाली घटना शुक्रवार देर शाम सामने आई जब आयुषी कुमारी नाम की महिला ने अपने पहले पति विशाल दुबे की मौजूदगी में गांव के युवक सचिन दुबे से विवाह कर लिया। विवाह के बाद महिला ने कहा, “अब यही मेरा सबकुछ है।”
दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
जानकारी के मुताबिक, आयुषी की शादी 2021 में विशाल दुबे से हुई थी और दोनों की एक तीन साल की बेटी भी है। लेकिन बीते दो वर्षों से आयुषी और गांव के ही रिश्ते के भतीजे सचिन के बीच प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों की नजदीकियां सोशल मीडिया पर बातचीत के जरिए शुरू हुई थीं और धीरे-धीरे यह रिश्ता गंभीर होता गया।
पति को छोड़कर प्रेमी संग फरार हुई थी महिला
15 जून को आयुषी अपनी बेटी और पति को छोड़कर सचिन के साथ घर से चली गई। इसके बाद पहले पति विशाल दुबे ने थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुछ दिन बाद आयुषी ने जमुई कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की और अपनी बेटी की जिम्मेदारी लेने से भी इनकार कर दिया।
मंदिर में हुई शादी, दोनों परिवार रहे मौजूद
शुक्रवार की शाम आयुषी और सचिन ने अपने-अपने परिजनों की मौजूदगी में गांव के मंदिर में विवाह कर लिया। शादी के बाद सचिन ने कहा, “हम दो साल से एक-दूसरे से प्यार करते हैं, अब हमारे रिश्ते को समाज में मान्यता मिल गई है। मैं आयुषी को जीवनभर खुश रखूंगा।”
पहले पति ने दी प्रतिक्रिया
वहीं, आयुषी के पहले पति विशाल दुबे ने कहा, “अगर उसकी खुशी इसी में है तो मैं उसे नहीं रोकूंगा। लेकिन उस पर लगाए गए झूठे आरोपों को मैं स्वीकार नहीं करता। वह मेरी मां और बेटी के साथ ठीक व्यवहार नहीं करती थी। अब से उसकी जिम्मेदारी सचिन की है।”