जलापूर्ति व्यवस्था की ली जानकारी

.देवास प्रोजेक्ट के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश
उदयपुर, 10 अप्रैल। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को शहर सहित जिले के प्रमुख जल परियोजनाओं मानसी वाकल एवं देवास का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी दिनों में बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही देवास तृतीय एवं चतुर्थ चरण के कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

जिला कलक्टर श्री अग्रवाल शुक्रवार शाम जल संसाधन विभाग तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ शाम करीब 5:30 बजे मानसी वाकल पहुंचे। यहां उन्होंने मानसी वाकल टनल का अवलोकन करते हुए जलापूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आगामी दिनों में पेयजल मांग में संभावित वृद्धि तथा जल उपलब्धता को लेकर अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न नहीं होना चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर ने जल स्रोतों की नियमित मॉनिटरिंग, टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिला कलक्टर ने अकोदड़ा बांध पहुंचकर बांध, गेट एवं टनल का निरीक्षण किया तथा पिछोला झील में जल अपवर्तन की पूरी प्रक्रिया को समझा। उन्होंने ग्रेविटी के माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए परियोजना की सराहना की।
इसके पश्चात वे देवास तृतीय एवं चतुर्थ चरण के अंतर्गत प्रस्तावित टनल स्थल पर भी पहुंचे और प्रारंभिक चरण के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने देवास परियोजना को शहर के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसके कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता रविन्द्र चौधरी, अधिशासी अभियंता सृष्टि मेनारिया एवं नवीन शर्मा, जल संसाधन विभाग से अधिशासी अभियंता बीरबल डूडी एवं मोहित पाटीदार, झाड़ोल तहसीलदार सीताराम बॉलीवाल, बीडीओ जितेन्द्र राजावत सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
