Thursday, August 27, 2026
No menu items!
HomeHindi newsएन.एस.एस राष्ट्र निर्माण की योजना: राजकीय महाविद्यालय मावली में तीन दिवसीय अभिविन्यास...

एन.एस.एस राष्ट्र निर्माण की योजना: राजकीय महाविद्यालय मावली में तीन दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का हुआ समापन

मावली (उदयपुर)। राजकीय महाविद्यालय, मावली में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का समापन समारोह एवं एन.एस.एस. ऑफिस का उद्घाटन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र तिवारी ने की। समारोह के मुख्य अतिथि शासन सचिवालय, जयपुर के राज्य सम्पर्क अधिकारी डॉ. नरेन्द्र गुप्ता रहे। वहीं, एन.एस.एस. जिला समन्वयक (उदयपुर) डॉ. सावित्री पाटीदार तथा खेल अधिकारी डॉ. नगेंद्र सिंह सोलंकी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं एन.एस.एस. के लक्ष्य गीत के साथ हुआ।

यह भी पढ़ें: फतहनगर सनवाड नगर पालिका चुनाव की “मलाई” का हुआ खुलासा

नेतृत्व और सेवा भाव का विकास करती है एन.एस.एस.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. नरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि एन.एस.एस. केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण योजना है। यह स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता, भ्रातृत्व, सामाजिक समानता और व्यावहारिक मानवीय गुणों का विकास करती है, जो समृद्ध समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार बनते हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. सावित्री पाटीदार ने एन.एस.एस. के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना युवाओं में सेवा और परमार्थ की भावना विकसित करती है तथा उन्हें विभिन्न मंचों के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती है।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र तिवारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को निष्ठा और लगन के साथ एन.एस.एस. की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह के दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नरपत राम परमार ने तीन दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद स्वयंसेविकाओं काजल सुथार, हिमांशी जोशी, साक्षी यादव, भूमिका यादव एवं दिव्यांजलि यादव ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन स्वयंसेवक जगदीश तेली एवं पल्लवी रिखी ने किया। वहीं, आभार परामर्शदात्री समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. नगेंद्र सिंह सोलंकी ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर सहायक आचार्य भारती चौहान, डॉ. पिनल जैन, नीलम चौधरी, डॉ. राखी धारवार, जगदीश चंद्र पुरोहित, डॉ. जितेंद्र सिंह चुण्डावत, वीरेंद्र सिंह शक्तावत, केशुलाल मेघवाल एवं अनिता मीणा सहित लगभग 100 स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular