फतहनगर,18 अगस्त। द प्रोग्रेसिव नेशन के अंतर्गत निर्मला शर्मा पत्नी नवनीत शर्मा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर 12 इंच लंबे बालों का दान कर कैंसर पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता और मानवता का अनूठा संदेश दिया।
द प्रोग्रेसिव नेशन की सह-संस्थापक पारुल वर्डिया के मार्गदर्शन में कैंसर पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे हेयर डोनेशन अभियान के तहत यह 61वां हेयर डोनेशन संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुश्री सुप्रिया शर्मा भी उपस्थित रहीं और इस नेक पहल का हिस्सा बनीं।
निर्मला शर्मा ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय जरूरतमंदों के लिए कुछ उपयोगी करने का प्रयास उन्हें आत्मिक संतोष देता है। उनके द्वारा किए गए केशदान से कैंसर पीड़ितों के लिए विग तैयार करने में मदद मिलेगी।
द प्रोग्रेसिव नेशन की ओर से चलाया जा रहा यह अभियान समाज में मानवता, संवेदना और सेवा की भावना को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। निर्मला शर्मा का यह योगदान निश्चित रूप से अन्य लोगों को भी केशदान के लिए प्रेरित करेगा और कैंसर पीड़ितों के जीवन में मुस्कान लाने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित होगा।
