Thursday, August 13, 2026
No menu items!
HomeLocal Newsनेताजी का रिपोर्ट कार्ड, वार्ड 12 सब कुछ 50-50, अच्छा भी-बुरा भी

नेताजी का रिपोर्ट कार्ड, वार्ड 12 सब कुछ 50-50, अच्छा भी-बुरा भी

सीनियर रिपोर्टर-श्रीमती भगवती जोशी

फतहनगर-सनवाड़, 20 जून 2026। आगामी नगर पालिका चुनावों के मद्देनजर जनप्रतिनिधियों के पांच साल के कार्यकाल और धरातल पर हुए विकास कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने लाने का प्रयास तेज हो गया है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती भगवती जोशी के विशेष कार्यक्रम ‘नेताजी का रिपोर्ट कार्ड’ के तहत वार्ड नंबर 12 में जमीनी पड़ताल की गई। इस ग्राउंड रिपोर्ट के जरिए वार्ड की मूलभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज, स्वास्थ्य सेवाओं और बच्चों के पार्क की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया। इस रिपोर्ट में स्थानीय पार्षद द्वारा पिछले 5 वर्षों में किए गए कार्यों की हकीकत और जनता को आ रही रोजमर्रा की जन समस्याओं को प्रमुखता से उजागर किया जा रहा है, ताकि आगामी चुनाव से पहले मतदाता अपने क्षेत्र के विकास का सही आकलन कर सकें।

READ MORE : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में होगा ‘योग भी-वोट भी’ कार्यक्रम

ठगी के 25 साल: वोट देने वाली जनता को मिला सिर्फ ‘कीचड़’



विकास के दावों को ठेंगा दिखा रही वार्ड 12 की इंदिरा कॉलोनी की महिलाओं ने अब नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ‘नेताजी का रिपोर्ट कार्ड’ सर्वे में सामने आया कि पिछले 25 साल से यहाँ की जनता सिर्फ छली जा रही है। महिलाओं का तीखा आरोप है कि नेता वोट लेने तो आ जाते हैं, लेकिन जीतते ही गायब हो जाते हैं।

बदहाल इंद्रप्रस्थ कॉलोनी: घरों के ठीक पास डंप हो रहा कचरा, महिलाओं ने मांगी पानी की टंकी

​वार्ड नंबर 12 स्थित ट्रस्ट इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में नगर पालिका की बड़ी लापरवाही सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती भगवती जोशी के कार्यक्रम ‘नेताजी का रिपोर्ट कार्ड’ सर्वे में स्थानीय महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा।
​महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्वच्छ भारत अभियान के दावों के उलट, कचरा गाड़ी पूरे क्षेत्र का कूड़ा कॉलोनी के घरों के ठीक पास में खुले में खाली कर जाती है। यहाँ तक कि एक असहाय विधवा महिला के घर के ठीक पास कचरा डंप किया जा रहा है, जिससे गंदगी और बीमारियां फैल रही हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, उपाध्यक्ष सेठिया जी की प्लानिंग से बनी सीसी रोड के बावजूद नालियों का सही निर्माण नहीं हुआ है। कॉलोनी में पीने के पानी की भारी किल्लत है, जिसके लिए महिलाओं ने प्रशासन से तत्काल पानी की टंकी बनवाने और कचरा डंपिंग रोकने की मांग की है

फतहनगर-सनवाड़: पट्टे होने के बाद भी 8 साल से विकास को तरस रही आनंद विहार कॉलोनी

नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 स्थित आनंद विहार कॉलोनी में 8 साल बाद भी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। वैध पट्टे होने के बावजूद यहां सड़क, नालियां और पीने के पानी की कोई सुविधा नहीं है। स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि सड़क के लिए कई बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन पालिका प्रशासन और पार्षद सुध लेने नहीं आते। नालियां न होने से गंदा पानी खाली प्लॉटों में भर रहा है और झाड़ियों के कारण बारिश में सांप-बिच्छू निकलने का खतरा रहता है, जिससे स्कूली बच्चों और निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यहां कुछ जनता, पार्षद के कामकाज से खुश, वार्ड में नहीं कोई बड़ी समस्या


नगर पालिका के वार्ड नंबर 12 के निवासियों ने पिछले 5 सालों में अपने पार्षद द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना की है। जनता का कहना है कि वार्ड में कोई बड़ी समस्या नहीं है। पानी की मोटर खराब होने जैसी छोटी-मोटी दिक्कतें पार्षद को बताने पर तुरंत ठीक करवा दी जाती हैं। वार्ड में नालियां पूरी तरह दुरुस्त हैं और सड़क पर केवल छोटे-मोटे गड्ढे हैं। कुल मिलाकर जनता पार्षद के त्वरित समाधान और विकास कार्यों से पूरी तरह संतुष्ट है।

हमारी ट्रिपल इंजन सरकार, रुकने नहीं देंगे विकास- पार्षद

‘नेताजी का रिपोर्ट कार्ड’ सर्वे में वार्ड 12 के निवासियों ने बदहाल सड़कें, नालियां, पानी की किल्लत, पट्टे, सामुदायिक भवन और दशा माता चबूतरे के निर्माण जैसे मुद्दे उठाए। जब इन समस्याओं को लेकर पार्षद सोहन खटीक से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में उन्होंने रिकॉर्ड काम करवाए हैं। बचे हुए कामों पर पार्षद ने दो टूक कहा कि भले ही कार्यकाल खत्म हो गया हो, लेकिन प्रदेश में हमारी सरकार, हमारा सांसद और हमारे नगर अध्यक्ष हैं, इसलिए वार्ड का कोई भी विकास कार्य रुकने नहीं दिया जाएगा।

पार्षद सोहन खटीक ने गिनाए काम, सीएम भजनलाल का जताया आभार; बोले— ‘ट्रॉमा व सीएचसी सेंटर मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि

‘नेताजी का रिपोर्ट कार्ड’ सर्वे के दौरान वार्ड 12 के पार्षद सोहन खटीक ने अपने 5 साल के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों को सामने रखा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर और सीएचसी (CHC) सेंटर का निर्माण उनकी सबसे बड़ी कामयाबी है, जिससे अब फतहनगर और आसपास की जनता को इलाज के लिए उदयपुर नहीं भागना पड़ेगा। इस ऐतिहासिक सौगात के लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया।
सर्वे में जब पार्षद से तीखा सवाल किया गया कि ‘इतने बड़े काम होने के बाद भी फतहनगर की सड़कें अधूरी क्यों हैं?’, तो उन्होंने साफ किया कि बजट आते ही रुके हुए सभी काम पूरे करा दिए जाएंगे। पार्षद ने यह भी कहा कि उन्होंने न सिर्फ अपने वार्ड, बल्कि दूसरे वार्डों के विकास के लिए भी बढ़-चढ़कर प्रयास किए हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास में सहयोग के लिए सभी जनता जनार्दन का मंगल आभार जताया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular