मतदाता जागरूकता के संदेश के साथ 21 जून को आयोजित होंगे विशेष आयोजन
उदयपुर, 19 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में ‘‘योग भी-वोट भी कार्यक्रम-2026’’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली के साथ-साथ मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देना है। सुबह योग, फिर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश जिला स्तर से लेकर ब्लॉक, पंचायत तथा शहरी वार्ड स्तर तक सभी राजकीय एवं निजी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रातः 6 से 8 बजे तक निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया जाएगा तथा इसके उपरांत लगभग 10 मिनट की अवधि में ‘‘योग भी-वोट भी’’ गतिविधियां आयोजित होंगी।
और खबरें पढ़ें..फतहनगर-सनवाड़ में शहरी समस्या समाधान
मतदाता जागरूकता गीत और शपथ का होगा आयोजन कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरूकता गीत ‘‘मैं भारत हूं, हम भारत के मतदाता हैं’’ का ऑडियो अथवा ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही सभी अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं सहभागी नागरिकों को नैतिक एवं अनिवार्य मतदान के प्रति प्रेरित करते हुए मतदाता शपथ भी दिलाई जाएगी।
व्यापक जनजागरूकता के निर्देश, श्रेष्ठ फोटो- वीडियो सोशल मीडिया हैंडल्स पर होंगे साझा स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से सभी संबंधित विभागों एवं संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि जागरूकता अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अभियान के माध्यम से नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आयोजित गतिविधियों की श्रेष्ठ सेल्फी, फोटोग्राफ एवं लघु वीडियो सोशल मीडिया हैंडल्स पर साझा किए जाएंगे।
